1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. BJP के संपर्क में हैं ज्योतिरादित्य सिंधिया! कल से किसी कांग्रेस नेता का नहीं उठा रहे फोन- सूत्र

BJP के संपर्क में हैं ज्योतिरादित्य सिंधिया! कल से किसी कांग्रेस नेता का नहीं उठा रहे फोन- सूत्र

 Reported By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 09, 2020 07:49 pm IST,  Updated : Mar 09, 2020 08:33 pm IST

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया कल से किसी भी वरिष्ठ कांग्रेस नेता का फोन नहीं उठा रहे हैं और वो भाजपा के बड़े नेताओं के संपर्क में हैं। सूत्रों ने ये भी जानकारी दी कि 16 मार्च से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में भाजपा कमलनाथ सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला सकती है।

Scindia- India TV Hindi
कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया Image Source : FILE

भोपाल. मध्य प्रदेश की सियासत में हलचल बढ़ गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया कल से किसी भी वरिष्ठ कांग्रेस नेता का फोन नहीं उठा रहे हैं और वो भाजपा के बड़े नेताओं के संपर्क में हैं। सूत्रों ने ये भी जानकारी दी कि 16 मार्च से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में भाजपा कमलनाथ सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला सकती है। कांग्रेस में मचे घमासान को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने भी अपने सभी विधायकों और सांसदों को मंगलवार को भोपाल बुलाया है। 

इससे पहले सूत्रों ने इस बात की जानकारी दी थी कि सिंधिया खेमे के 17 विधायक भाजपा शासित राज्य  कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि बेंगलुरु पहुंचने वालों में तुलसी सिलावट (मंत्री), गोविन्द सिंह राजपूत (मंत्री), प्रधुम्न सिंह तोमर (मंत्री), इमरती देवी (मंत्री), प्रभुराम चोधरी (मंत्री) और महेन्द्र सिसोदिया (मंत्री), मुन्ना लाल गोयल (विधायक), गिरिराज दंडोतिया (विधायक), ओपी भदोरिया (विधायक), विरजेंद्र यादव (विधायक), जसपाल जजजी (विधायक), कमलेश जाटव (विधायक), राजवर्धन सिंह (विधायक), रघुराज कंसना (विधायक), सुरेश धाकड़ (विधायक), हरदीप डंग (विधायक) और रक्षा सिरोनिया जसवंत (विधायक) शामिल हैं। 

आपको बता दें कि मध्य प्रदेश की वर्तमान विधानसभा की स्थिति पर गौर करें तो पता चलता है, राज्य में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत नहीं है। राज्य की 230 सीटों में से 228 विधायक हैं, दो सीटें खाली हैं। कांग्रेस के 114 और भाजपा के 107 विधायक हैं। कांग्रेस की कमलनाथ सरकार निर्दलीय चार, बसपा के दो और सपा के एक विधायकों के समर्थन से चल रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत