मुंबई: महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस समिति (एमपीसीसी) ने आज अब तक आए राज्य की दस महानगर पालिका, 25 जिला परिषदों और 283 पंचायत समितियों के चुनावों के नतीजों को पार्टी के लिए झटका बताया।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
पार्टी उपाध्यक्ष और प्रवक्ता रत्नाकर महाजन ने पीटीआई-भाषा को बताया, नतीजे मिलेजुले हैं, जिला परिषदों में पार्टी अच्छा कर रही है जबकि महानगर पालिकाओं में इसके विपरीत है। ये निश्चित तौर पर एक झटका है।
उन्होंने कहा कि नतीजे अप्रत्याशित हैं और सांगठनिक और लोकप्रियता के स्तर पर इनके विश्लेषण की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ये देखा जाना चाहिए कि क्या पार्टी नेता वोटरों से कटे हुए थे, महाजन ने कहा कि चुनाव यद्यपि स्थानीय मुद्दों पर लड़े जाने चाहिए, ऐसा लगता है कि 2014 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खुमारी अभी बाकी है।
उन्होंने कहा कि शिवसेना और भाजपा का ये बेहद तामझाम भरे प्रचार ने दिखाया कि सिर्फ ये दोनों दल ही एक दूसरे का विकल्प हैं। दोनों दलों की एक दूसरे से आगे निकलने की आक्रामकता की वजह से विपक्ष, कांग्रेस और राकांपा की एक तरह से मौजूदगी ही नहीं थी।