1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात, पश्चिम बंगाल का नाम बदलने पर हुई चर्चा

ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात, पश्चिम बंगाल का नाम बदलने पर हुई चर्चा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 18, 2019 09:00 am IST,  Updated : Sep 18, 2019 05:24 pm IST

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रधानमंत्री आवास पर मुलाकात की है

West Bengal CM Mamata banerjee meets PM Narendra Modi- India TV Hindi
West Bengal CM Mamata banerjee meets PM Narendra Modi Image Source : TWITTER

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात की। मुलाकात के बाद ममता बनर्जी ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ किन मुद्दों पर बात हुई। ममता बनर्जी ने बताया कि पश्चिम बंगाल का नाम बदलने को लेकर प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी चर्चा हुई और उन्होंने इसपर कुछ करने का वादा किया। 

Related Stories

ममता बनर्जी पहले ही बता चुकी हैं कि इस मुलाकात में राज्य को मिलने वाला कोष उनके लिए सबसे अहम मुद्दा है। इसके अलावा वो सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के विलय जैसे मुद्दों पर भी बात करेंगी। पश्चिम बंगाल के नाम को बदलने पर भी ममता बनर्जी बात करने वाली हैं। साथ ही संकट से जूझ रहे एयर इंडिया, बीएसएनएल और रेलवे का मुद्दा भी वो प्रधानमंत्री के सामने उठाने वाली हैं। 

ममता बनर्जी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी की उनकी यात्रा नियमित कामकाज का हिस्सा है। दोनों नेताओं के बीच मुलाकात को लेकर बने माहौल के बीच उनकी यह टिप्पणी आई है। हाल के आम चुनाव से ही उनके रिश्ते अच्छे नहीं है। राज्य सचिवालय के सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री की मुलाकात आज शाम साढ़े चार बजे होनी है। 

तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ने कहा, ‘‘मैं अमूमन दिल्ली नहीं जाती हूं। मैं कहीं भी इसलिए नहीं जाती हूं, क्योंकि यहां पर मेरे पर कुछ जिम्मेदारियां हैं। हमें कुछ प्रशासनिक कारणों से नयी दिल्ली जाना पड़ रहा है, क्योंकि यह राजधानी है और वहीं पर संसद है, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री वहीं रहते हैं। इसलिए हमें वहां जाने की जरूरत है। यह नियमित काम का हिस्सा है।’’

बनर्जी ने कहा, ‘‘इस बार मैं उस पैसे के बारे में बात करने जा रही हूं जो पश्चिम बंगाल को मिलना चाहिए। मैं पश्चिम बंगाल का नाम बदलने जैसे मुद्दे भी उठाऊंगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘संकट से जूझ रहे एयर इंडिया, बीएसएनएल और रेलवे का मुद्दा, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का विलय जैसे मुद्दों को उठाएंगी। इन लोगों (इन संगठनों के कर्मचारी) की सुनवाई जब कहीं नहीं हुई तो वे हमारे पास आए।’’ 

केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल का नाम बांग्ला करने के राज्य सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी देने से इनकार कर दिया था। केंद्र ने कहा था कि इस कदम के लिए संविधान संशोधन की आवश्यकता है। इसके बाद बनर्जी ने जुलाई में प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर मुद्दे को उठाया था और उनसे मामले में शीघ्रता बरतने की अपील की थी। बनर्जी ने मोदी के 69वें जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। बनर्जी और मोदी की पिछली मुलाकात 25 मई 2018 को शांतिनिकेतन में विश्व भारती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में हुई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत