नई दिल्ली: दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) नेता मनीष सिसोदिया ने बुधवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव में 'ईवीएम में छेड़छाड़' को भाजपा की जीत का कारण बताया। सिसोदिया ने कहा कि भाजपा को वोट देने का दिल्ली के लोगों के पास कोई कारण नहीं था। सिसोदिया ने संवाददाताओं को बताया, "वोटों में थोड़ा-बहुत अंतर समझ आता है, लेकिन ईवीएम में बिना छेड़छाड़ के वोटों में इतना बड़ा अंतर नहीं हो सकता।" (एक महीने में ही खुल गई योगी सरकार की पोल: अखिलेश यादव)
उन्होंने कहा कि ईवीएम की विश्वसनीयता पर पहले सवाल उठा चुकी भाजपा अब कह रही है कि 'ईवीएम के साथ छेड़छाड़ नहीं हो सकती।' सिसोदिया ने कहा कि भाजपा ने 2009 का लोकसभा चुनाव हारने के बाद ईवीएम में छेड़छाड़ को लेकर 'रिसर्च' किया था, लेकिन अब वह ईवीएम में छेड़छाड़ से जीत रही है। सिसोदिया ने कहा कि निर्वाचन आयोग को ईवीएम में गड़बड़ी से जुड़े तकनीकी सवालों के जवाब देने चाहिए।
सिसोदिया ने लगभग 11 बजे एक के बाद एक तीन ट्वीट किए और भाजपा की जीत के लिए EVM में गड़बड़ी को जिम्मेदार बताया। अगले ट्वीट में सिसोदिया ने लिखा, ' भाजपा ने ईवीएम पर सिर्फ रिसर्च नहीं की, बल्कि इनके नेता जीवीएल नरसिंहाराव और आडवाणी ने किताब भी लिखी, इनके नेता सुप्रीम कोर्ट भी गए थे।'
तीसरे ट्वीट पर उन्होंने कहा कि ईवीएम टैम्परिंग देश के लोकतंत्र की ऐसी कड़वी सच्चाई है जिसका शुरू में मजाक उड़ सकता है। सिसोदिया ने कहा, 'मजाक के डर से हम सच बोलना नहीं छोड़ सकते।'
ये भी पढ़ें: भारत का एक गांव जहां 5 दिनों तक निर्वस्त्र रहती हैं शादीशुदा महिलाएं!