श्रीनगर: पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) महबूबा मुफ्ती की जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल एन. एन. वोहरा से मुलाकात के बाद भी जम्मू कश्मीर में सरकार पर सस्पेंस बरकरार है। पीडीपी ने फिर केंद्र के पाले में गेंद फेंकी। बता दें कि राज्यपाल ने पीडीपी और बीजेपी को राज्य में सरकार गठन पर बातचीत के लिए मंगलवार को आमंत्रित किया था।
राज्यपाल से मुलाकात के बाद अपने बयान में महबूबा ने कहा कि केंद्र सरकार राज्य में सही माहौल बनाए। उन्होंने कहा, ‘जम्मू-कश्मीर में जनहित के लिए नई सरकार बनाई थी। जम्मू-कश्मीर के लिए केंद्र कुछ और ठोस कदम उठाए। मेरे पास मुफ्ती साहब जैसी सोच नहीं।’
गौरतलब है कि मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन के बाद राज्य में बीते आठ जनवरी को राज्यपाल शासन लगाया गया था। जम्मू एवं कश्मीर के संविधान के मुताबिक राज्य में छह महीने तक राज्यपाल शासन रह सकता है। अगर राज्यपाल को इसका यकीन हो जाए कि सरकार गठन की कोई उम्मीद नहीं है तो वह विधानसभा भंग कर राज्य में नए चुनाव का ऐलान कर सकते हैं।