पणजी: केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि 2015 के मुकाबले 2016 में घुसपैठ की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई, लेकिन इस साल जवानों ने ज्यादा आतंकी भी मारे हैं। गृहमंत्री ने शुक्रवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर की सीमा पर पिछले साल के मुकाबले भारतीय सुरक्षा बलों ने ज्यादा आतंकवादियों का सफाया किया है। उन्होंने यह भी कहा कि कश्मीर में हालात सुधारने की कोशिशें चल रही हैं और इसमें बदलाव भी देखने को मिला है।
इन्हें भी पढ़ें:
- कश्मीर में प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय में आग लगाई, 50 घायल
- जम्मू-कश्मीर: CM महबूबा मुफ्ती से मिला ऑल पार्टी डेलीगेशन
- कश्मीर में पैलेट गन का विकल्प बनेगा मिर्ची ग्रेनेड, गृहमंत्री ने दी मंजूरी
राजनाथ सिंह ने कहा कि कश्मीर के लोगों के लिए अशांति को बर्दाश्त करना आसान नहीं था। उन्होंने कहा कि ऑल पार्टी डेलिगेशन ने राज्य के परेशान लोगों में 'संवेदनात्मक बदलाव' लाने का काम किया है। कश्मीर के हालात पर राजनाथ ने कहा, 'कश्मीर की स्थिति में सुधार लाने के लिए सरकार अपने स्तर पर काम कर रही है। लोगों से इस बारे में चर्चा की जा रही है। ऑल-पार्टी डेलिगेशन की मीटिंग के बाद वहां संवेदनात्मक बदलाव देखने को मिला है।'
घुसपैठ पर गृहमंत्री ने कहा, ‘घुसपैठ पहली भी होती रही है, लेकिन मैं कह सकता हूं कि पहले की तुलना में साल 2015 में घुसपैठ की संख्या में कमी आई थी, लेकिन इसमें साल 2016 में इजाफा हुआ है, यह सही है।लेकिन हमारे सुरक्षा बलों, हमारी सेना, हमारे पैरा मिलिट्री फोर्स के कमांडो ने आतंकवादियों को खत्म करने में कुछ हद तक ज्यादा सफलता हासिल की है और पहले की तुलना में ज्यादा आतंकियों का सफाया किया है। कश्मीर में सुधार है, पहले के मुकाबले हालात बेहतर नियंत्रण में हैं और मैं कह सकता हूं कि आने वाले दिनों में हालात पूरी तरह से नियंत्रण में आ जाएंगे।’