1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. ‘इतने कंकाल निकलेंगे कि 'युवराज' का सारा सियासी गुणा-भाग बिगड़ जाएगा’

‘इतने कंकाल निकलेंगे कि 'युवराज' का सारा सियासी गुणा-भाग बिगड़ जाएगा’

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 15, 2016 02:08 pm IST,  Updated : Dec 15, 2016 04:35 pm IST

नयी दिल्ली: नोटबंदी के मुद्दे पर राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने को लेकर पलटवार करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज कहा कि कांग्रेस

Naqvi- India TV Hindi
Naqvi

नयी दिल्ली: नोटबंदी के मुद्दे पर राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने को लेकर पलटवार करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज कहा कि कांग्रेस के भ्रष्टाचार के कुएं से इतने कंकाल निकलेंगे कि कांग्रेस के युवराज का सारा सियासी गुणा भाग बिगड़ जायेगा। नकवी ने भाषा से कहा, राहुल गांधी पिटी पटकथा और एक्सपायर्ड स्कि्रप्ट के जरिये कांग्रेस मुक्त भारत के अखिरी अध्याय की इबारत खुद लिखकर कांग्रेस का बचा-खुचा सूपड़ा साफ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भ्रष्टाचार के कुएं से इतने कंकाल निकलेंगे कि कांग्रेस के युवराज का सारा सियासी गुणा भाग बिगड़ जायेगा।

नकवी ने कहा कि इसी तरह से पहले भी राहुल गांधी और कांग्रेस ने बेबुनियाद आरोप लगाये थे और फिर से वे बेसिर पैर के आरोप लगा रहे हैं। लेकिन पहले भी सचाई सामने आने के बाद कांग्रेस और राहुल गांधी दोनों शर्मिंदा और बेनकाब हुए थे। उन्होंने कहा कि लगभग एक साल पहले राहुल गांधी ने ललित मोदी मुद्दे पर यही कहा था कि इस बारे में बोलूंगा तो भूचाल आयेगा। वे :राहुल: संसद में बोले भी पर संसद में तो भूचाल नहीं आया बल्कि एक के बाद एक राज्यों के चुनाव में कांग्रेस जरूर साफ हो गई।

संसदीय कार्य राज्य मंत्री ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी के पास न तो तर्क है और न ही तथ्य। वे केवल दुष्प्रचार और अफवाह के माध्यम से कालेधन और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को कमजोर करने की काली साजिश कर रहे हैं। नकवी ने कहा कि कांग्रेस और उसके कुछ साथियों को यह समझ लेना चाहिए कि यह लड़ाई बेईमान और ईमानदार के बीच है। यह लड़ाई गरीबों और कमजोर तबकों की खुशहाली का मिशन है। इस मिशन के खिलाफ कांग्रेस या किसी और का कोई षड्यंत्र सफल नहीं होगा।

नकवी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के मूल में ही घोटाला और लूट है। कांग्रेस के 10 वर्षो के शासन के दौरान 2जी स्पेक्ट्रम घोटाला, कोयला घोटाला, राष्ट्रमंडल खेल घोटाला, आदर्श घोटाले आदि हुए। इसके अलावा अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकाप्टर घोटाने की आंच कांग्रेस के प्रथम परिवार तक पहुंच रही है। इसलिए कांग्रेस पार्टी और उसके युवराज को हर जगह घोटाला ही घोटाला नजर आता है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यही कारण है कि जहां एक तरफ देश की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लिये गए नोटबंदी के ऐतिहासिक फैसले का स्वागत और समर्थन कर रही है। वहीं कांग्रेस और उसके कुछ सहयोगी भ्रष्टाचार और कालेधन के खिलाफ लड़ाई का विरोध कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के युवराज को यह समझ लेना चाहिए कि बेबुनियाद बातों और झूठे आरोपों के सहारे राजनीति करने से ही कांग्रेस लोकसभा में 44 सीटों पर सिमट गई। देश में जहां जहां विधानसभा और पंचायत या स्थानीय निकाय के चुनाव होेते हैं, कांग्रेस बुरी तरह से हारती जा रही है और देश कांग्रेस मुक्त भारत की दिशा में बढ़ रहा है। नकवी ने कहा, कांग्रेस की इस हालत के लिए इस ग्रांड ओल्ड पार्टी के ब्रांड न्यू लीडर का पिटा हुआ पालिटिकल पाखंड जिम्मेदार है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत