नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली में राज्यों के मुख्यमंत्रियों और जजों के सम्मलेन को संबोधित करेंगे। इस संयुक्त बैठक का उद्घाटन दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा होगा। इस बैठक से पहले कल रात प्रधानमंत्री मोदी ने सभी सीएम और जजों के लिए डिनर पार्टी का आयोजन किया।
देश की अदालतों पर मुकदमों के बढ़ते बोझ और न्यायिक प्रक्रिया में कैसे सुधार किए जाएं इन मुद्दों पर चर्चा चल रही है।
शनिवार की रात दिल्ली के अशोका होटल में आयोजित डिनर पार्टी में राजनेताओं और न्यायधीशों का जमावड़ा लगा। कैबिनेट मंत्री अरूण जेटली और सदानंद गौड़ा भी प्रधानमंत्री के इस पार्टी में शामिल हुए।
डिनर पार्टी में गोवा के सीएम लक्ष्मीकांत पारसेकर, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान, छत्तीसगढ़ के सीएम रमन सिंह समेत बीजेपी शासित राज्यों के सीएम ने शिरकत की।
पीएम की इस डिनर पार्टी में उनके राजनीतिक विरोधी भी नजर आए, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पीएम की पार्टी में अशोका होटल पहुंचे।
नीतीश कुमार ने कहा कि "इस तरह के भोज का आयोजन करना पुरानी परंपरा है और वो इससे पहले भी ऐसे कार्यक्रमों में हिस्सा ले चुके हैं।"
सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस कुरियन ने इस बैठक के समय पर सवाल उठाया है इसिलिए वो पीएम की पार्टी में शामिल नहीं हुए।