नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली राजग सरकार के खिलाफ तेदेपा और कांग्रेस समेत विभिन्न विपक्षी दलों द्वारा लोकसभा में पेश किया गया अविश्वास प्रस्ताव आज 126 के मुकाबले 325 मतों से गिर गया। अविश्वास प्रस्ताव पर आज लगभग 12 घंटे की चर्चा के बाद हुए मत-विभाजन में 451 सदस्यों ने हिस्सा लिया जिसमें अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 126 वोट पड़े जबकि विरोध में 325 मत पड़े। तेलुगूदेशम पार्टी ने आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर राजग सरकार से अलग होने के बाद उसके खिलाफ यह अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। तेदेपा के श्रीनिवास केसीनेनी द्वारा पेश अविश्वास प्रस्ताव को गत बुधवार को सदन ने स्वीकार किया था। जिस पर चर्चा के लिए लोकसभा अध्यक्ष ने आज का दिन निर्धारित किया था।
आज सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर सहयोगी सांसदों से सार्थक बहस के लिए मदद मांगी थी। पीएम ने कहा, “हमारे संसदीय लोकतंत्र में आज का दिन काफी महत्वपूर्ण है। मुझे यकीन है कि मेरे साथी सांसद सहयोगी इस अवसर पर रहेंगे और बगैर किसी बाधा के सार्थक और विस्तार से बहस करेंगे। हम इसके लिए लोगों और हमारे संविधान के निर्माताओं को श्रेय देते हैं। भारत हमें काफी नजदीक से देखेगा।”
WATCH LIVE: Lok Sabha no-confidence motion updates on IndiaTV YouTube channel
