1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. पीसी चाको ने छोड़ी कांग्रेस, सोनिया गांधी को भेजा त्यागपत्र

पीसी चाको ने छोड़ी कांग्रेस, सोनिया गांधी को भेजा त्यागपत्र

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 10, 2021 02:17 pm IST,  Updated : Mar 10, 2021 03:17 pm IST

इंडिया टीवी को सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पीसी चाको केरल में पार्टी की गुटबाजी की वजह से नाराज चल रहे थे और उसी वजह से उन्होंने पार्टी छोड़ी है

पीसी चाको ने कांग्रेस...- India TV Hindi
पीसी चाको ने कांग्रेस पार्टी से त्यागपत्र दे दिया है Image Source : PTI FILE

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी से एक के बाद एक नेताओं के छोड़ने का सिलसिला कम नहीं हो रहा है। वरिष्ठ पार्टी नेता और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी रह चुके पीसी चाको ने कांग्रेस पार्टी से त्यागपत्र दे दिया है। इंडिया टीवी को सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पीसी चाको केरल में पार्टी की गुटबाजी की वजह से नाराज चल रहे थे और उसी वजह से उन्होंने पार्टी छोड़ी है। केरल में विधानसभा चुनावों की घोषणा हो चुकी है, ऐसे में चुनावों के बीच पार्टी से पीसी चाको की विदाई कांग्रेस के लिए भारी पड़ सकती है। \

पीसी चाको ने बताया कि उन्होंने अपना त्यागपत्र पार्टी अध्यक्षा सोनिया गांधी को भेज दिया है, उन्होंने बताया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से बात करने के बाद ही उन्होंने त्यागपत्र दिया है। पीसी चाको ने बताया कि कांग्रेस पार्टी में अब आंतरिक लोकतंत्र नहीं बचा है। हालांकि उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि वे किसी और पार्टी में शामिल नहीं होंगे। 

पीसी चाको ने पिछले साल कांग्रेस पार्टी के दिल्ली प्रभारी के पद से भी त्यागपत्र दे दिया था। दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को अबतक की सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा था, पार्टी को एक भी सीट नहीं मिल पायी थी और वोट प्रतिशत और भी घट गया था। पीसी चाको से जब हार के बारे में पूछा गया था तो उन्होंने बताया था कि 2013 में जब शीला दीक्षित दिल्ली की मुख्यमंत्री हुआ करती थीं तभी से दिल्ली में कांग्रेस का ग्राफ गिरना शुरू हो गया था। 

माना जा रहा है कि केरल विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस पार्टी के अंदर पीसी चाको से ज्यादा राय नहीं ली गई है और वे इस वजह से नाराज चल रहे थे और यही वजह है कि उन्होंने पार्टी से त्यागपत्र दिया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत