1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. विस चुनाव में मिली जीत को PM मोदी ने बताया न्यू इंडिया की नींव, कहा- ‘जीत के बाद ज्यादा नम्र होना हमारी जिम्मेदारी’

विस चुनाव में मिली जीत को PM मोदी ने बताया न्यू इंडिया की नींव, कहा- ‘जीत के बाद ज्यादा नम्र होना हमारी जिम्मेदारी’

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 12, 2017 08:54 pm IST,  Updated : Mar 12, 2017 09:10 pm IST

नई दिल्ली: उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड के चुनावों में अभूतपूर्व जीत के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज देशवासियों से चुनावी राजनीति से ऊपर उठकर 2022 तक नये भारत के निर्माण में उनका सहयोग

pm narendra modi- India TV Hindi
pm narendra modi

नई दिल्ली: उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड के चुनावों में अभूतपूर्व जीत के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज देशवासियों से चुनावी राजनीति से ऊपर उठकर 2022 तक नये भारत के निर्माण में उनका सहयोग करने की अपील की।

'नए हिंदुस्तान की नींव दिखाई दे रही है'

चुनाव में जीत पर भाजपा मुख्यालय में अभिनंदन समारोह के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इन पांच राज्यों विशेष तौर पर उत्तर प्रदेश का चुनाव परिणाम नये भारत की नींव के रूप में देखता हूं। नया भारत 65 प्रतिशत युवाओं के सपनों का भारत है, यह नया इंडिया अभूतपूर्व रूप से जागरूक महिलाओं के सपनों का नया भारत है। यह एक ऐसा नया भारत है जो कुछ पाने की बजाए कुछ करने और अवसर का उपयोग करने की इच्छा रखता है।

ये भी पढ़ें

'लोकतंत्र में सरकार बहुमत से बनती है लेकिन चलती है सर्वमत से'

उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों में लोगों से किये वादे पूरा करने का आश्वासन देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार बहुमत से बनती है लेकिन चलती है सर्वमत से। इसलिए भाजपा की सरकार उनकी भी है जिन्होंने वोट दिया और उनकी भी है जो सामने खड़े थे। सरकार को भेदभाव करने का हक नहीं होता है। भाजपा इसे कभी स्वीकार भी नहीं करती है। वोट दिया, नहीं दिया... ये बातें चुनाव नतीजों तक ठीक है लेकिन उसके बाद नहीं।

देखिए वीडियो-

‘न्यू इंडिया बनाने के लिए हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे’

मोदी ने कहा कि सरकार सबकी होती है, सबके लिए होती है और सभी को साथ लेकर चलने के लिए होती है। हमें जितना अवसर मिला है, उसे न्यू इंडिया बनाने के लिए हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि हम सभी लोगों को साथ लेकर 2022 तक न्यू इंडिया बनाने के संकल्प लेकर बढ़ रहे हैं। मैं चुनाव (2019 के लोकसभा चुनाव) के हिसाब से नहीं चलता हूं। मेरे दिमाग में सवा सौ करोड़ लोगों का कल्याण है और इसलिए 2022 तक देश के सपनों को साकार करने के लिए, विकास के आंदोलन में सभी लोगों को जोड़ने के संकल्प के साथ आगे बढ़ने को प्रत्यनशील हैं।

‘गरीब देश की ताकत हैं’

गरीबों के सशक्तिकरण के महत्व को रेखांकित करते हुए मोदी ने कहा कि गरीब देश की ताकत हैं। मैं गरीबों में सामर्थ्य देख रहा हूं। इसके साथ ही मध्यम वर्ग के लोगों पर भी बोझ काफी बढ़ गया है। मध्यम वर्ग का बोझ कम होना चाहिए, एक बार गरीब के अंदर खुद का बोझ उठाने की क्षमता आ जायेगी तब मध्यम वर्ग का बोझ कम हो जायेगा।

‘यह जीत भावनात्मक है क्योंकि यह पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्मशती वर्ष है’

भाजपा मुख्यालय पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अशोक रोड पर कुछ दूरी पैदल चलकर तय की और इस दौरान सड़क के दोनों ओर खडे़ लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस चुनाव के नजीते अभूतपूर्व थे क्योंकि इस बार कोई भावनात्मक मुद्दा नहीं था। हमारे लिए यह जीत भावनात्मक है क्योंकि यह पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्मशती वर्ष है जिनकी कर्मभूमि उत्तरप्रदेश रही है।

‘गरीब आगे बढ़ेगा तो देश आगे बढ़ेगा’

मोदी ने कहा कि गरीबों में देश के निर्माण का सामर्थ्य है। आज देश का गरीब उन बातों से ऊपर उठ चुका है कि उसे कुछ दे दो, और वह खुश हो जायेगा। आज गरीब व्यक्ति भी कह रहा है कि आप मुझे अवसर दें और मैं परिश्रम से चीजें हासिल करूंगा। उत्तरप्रदेश और पांच राज्यों का चुनाव परिणाम यही बात स्पष्ट करता है।

‘मध्यम वर्ग का बोझ कम होना चाहिए’

मध्यम वर्ग को जोड़ने का प्रयास करते हुए मोदी ने कहा कि मध्यम वर्ग पर बहुत बोझ है, माध्यम वर्ग पर कर का भी बोझ अधिक होता है, नियमों का भी बोझ अधिक होता है आर्थिक रूप से अधिक बोझ पड़ता है। यह बोझ कम होना चाहिए।

भाजपा कार्यकर्ताओं के मोदी, मोदी नारों के बीच प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रत्येक चुनाव के साथ, देश भर में भाजपा के पक्ष में समर्थन बढ़ रहा है और पार्टी की विजय यात्रा आगे बढ़ रही है। भाजपा के लिए यह स्वर्णिम काल है और हम यहां तक सिर्फ कठिन परिश्रम की बदौलत पहुंचे हैं। मैं इन पांच राज्यों के लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हम अपने वादों को पूरा करेंगे।

'चुनावी जीत जनता जनार्दन का आदेश'

2022 तक न्यू इंडिया का संकल्प व्यक्त करते हुए मोदी ने कहा कि हमारे पास 5 साल है। और देश के सवा सौ करोड़ लोग अगर संकल्प शक्ति के साथ आगे बढ़ें, ऐसा मूड बन जाये, तब देश को ऊंचाइयों को छूने से कोई नहीं रोक सकता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस चुनाव में कौन जीता, कौन हारा... हमने किसे पराजित किया, मैं इन बातों पर सोचने वालों में से नहीं हूं। चुनाव में विजय भाजपा के लिए जनता जनार्दन का आदेश होता है क्योंकि हमें कुछ भी सौगात में नहीं मिला। अटल, आडवाणाजी, जना कृष्णामूर्ति, कुशाभाउ ठाकरे जैसे अनगिनत लोगों के अथक परिश्रम से हम यहां पहुंचे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत