1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. बीजेपी के मंत्रियों का काम अर्थव्यवस्था सुधारना है, 'कॉमेडी सर्कस' चलाना नहीं: प्रियंका गांधी

बीजेपी के मंत्रियों का काम अर्थव्यवस्था सुधारना है, 'कॉमेडी सर्कस' चलाना नहीं: प्रियंका गांधी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 19, 2019 01:56 pm IST,  Updated : Oct 19, 2019 01:56 pm IST

गोयल ने अर्थशास्त्र के क्षेत्र में 2019 के नोबेल पुरस्कार के लिए चुने गए भारतीय-अमेरिकी अभिजीत बनर्जी को शुक्रवार को वाम की ओर झुकाव वाला कहा था।

Congress leader Priyanka Gandhi | PTI File- India TV Hindi
Congress leader Priyanka Gandhi | PTI File

नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बीजेपी नेताओं पर बड़ा हमला बोला है। प्रियंका ने ट्वीट्स के जरिए नोबेल पुरस्कार के लिए चयनित अर्थशास्त्री अभिजीत बनर्जी के संदर्भ में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की टिप्पणी को लेकर शनिवार को सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि मंत्रियों का काम 'कॉमेडी सर्कस' चलाना नहीं बल्कि अर्थव्यवस्था को सुधारना है। दरअसल, गोयल ने पुणे में मीडिया से बात करते हुए कहा था कि अभिजीत बनर्जी की सोच पूरी तरह लेफ्ट की ओर झुकाव वाली है।

प्रियंका ने ट्वीट कर बोला हमला

गोयल के बयान पर प्रियंका ने ट्वीट कर कहा, 'भाजपा नेताओं को जो काम मिला है उसको करने की बजाय वे दूसरों की उपलब्धियों को झुठलाने में लगे हैं। नोबेल पाने वाले ने अपना काम ईमानदारी से किया, नोबेल जीता। अर्थव्यवस्था ढही जा रही है। आपका काम उसको सुधारना है न कि कॉमेडी सर्कस चलाना।' जैसा कि हमने आपको बताया, गोयल ने अर्थशास्त्र के क्षेत्र में 2019 के नोबेल पुरस्कार के लिए चुने गए भारतीय-अमेरिकी अभिजीत बनर्जी को शुक्रवार को वाम की ओर झुकाव वाला कहा था। 

जानें, क्या कहा था गोयल ने
गोयल ने पुणे में मीडिया से बात करते हुए कहा था, ‘मैं अभिजीत बनर्जी को नोबेल पुरस्कार जीतने की बधाई देता हूं। आप सभी जानते हैं कि उनकी सोच पूरी तरह वाम की ओर झुकाव वाली है।’ बीजेपी नेता ने कहा कि बनर्जी ने कांग्रेस द्वारा प्रस्तावित ‘न्याय’ योजना का समर्थन किया और भारत की जनता ने उनकी सोच को नकार दिया। बनर्जी ने हाल ही में कहा था कि भारतीय अर्थव्यवस्था डगमगा रही है और इस समय उपलब्ध आंकड़े बहुत जल्द देश की अर्थव्यवस्था के उबरने का आश्वासन नहीं देते।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत