1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. पंजाब कांग्रेस में कलह के बीच कैप्टन अमरिंदर के फेसबुक पेज पर चल रहा है सीएम फेस का कंपेन

पंजाब कांग्रेस में कलह के बीच कैप्टन अमरिंदर के फेसबुक पेज पर चल रहा है सीएम फेस का कंपेन

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 01, 2021 12:26 pm IST,  Updated : Jun 01, 2021 12:27 pm IST

पंजाब कांग्रेस में मचे घमासान पर कांग्रेस की तीन सदस्यीय कमिटी दिल्ली मे विधायकों और मंत्रियों के साथ वन-टू-वन मीटिंग कर उनकी राय ले रही हैं तो वहीं दूसरी तरफ पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के फेसबुक पेज पर एकबार फिर से उन्हें 2022 के लिए पंजाब का कैप्टन घोषित करते हुए कंपेन चलाया जा रहा है।

पंजाब कांग्रेस में कलह के बीच अमरिंदर के फेसबुक पेज पर सीएम फेस का कंपेन - India TV Hindi
पंजाब कांग्रेस में कलह के बीच अमरिंदर के फेसबुक पेज पर सीएम फेस का कंपेन  Image Source : FILE PHOTO

नई दिल्ली: एक तरफ जहां पंजाब कांग्रेस में मचे घमासान पर कांग्रेस की तीन सदस्यीय कमिटी दिल्ली मे विधायकों और मंत्रियों के साथ वन-टू-वन मीटिंग कर उनकी राय ले रही हैं तो वहीं दूसरी तरफ पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के फेसबुक पेज पर एकबार फिर से उन्हें 2022 के लिए पंजाब का कैप्टन घोषित करते हुए कंपेन चलाया जा रहा है। इसमें कैप्टन अमरिंदर को पंजाब दा कैप्टन बताया गया है। हालांकि 2017 में भी अमरिंदर को पंजाब दा कैप्टन बता कर कंपेन चलाया गया था लेकिन अब इसे चेंज कर दिया गया है और अमरिंदर सिंह को 2022 में होनेवाले विधानसभा चुनाव के लिए भी 'पंजाब दा कैप्टन' बताया गया है।

इस फेसबुक पेज पर यह भी कहा गया है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भी कैप्टन अमरिंदर ही सीएम का चेहरा होंगे। कांग्रेस हाईकमान उनके पीछे चट्टान की तरह खड़ा है। आपको बता दें कि कांग्रेस में यह परंपरा रही है कि इस तरह के मसले पर कोई भी अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान की तरफ से ही लिया जाता है।

आपको बता दें कि कांग्रेस की पंजाब इकाई में चल रही कलह को दूर करने के मकसद से गठित तीन सदस्यीय समिति ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ और 20 से अधिक विधायकों से मुलाकात कर उनकी राय सुनी। पार्टी सूत्रों ने बताया कि गुरुद्वारा रकाबगंज रोड स्थित कांग्रेस के वाररूम में इस समिति ने सुबह 11 बजे से पंजाब कांग्रेस के विधायकों एवं मंत्रियों से मुलाकात का सिलसिला आरंभ किया और देर शाम तक करीब 25 नेताओं से बातचीत की गई। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इस समिति के प्रमुख हैं। कांग्रेस महासचिव और पंजाब प्रभारी हरीश रावत और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जेपी अग्रवाल इस समिति में शामिल हैं। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, सोमवार सुबह सबसे पहले सुनील जाखड़ ने समिति के सामने अपने विचार रखे। इसके बाद कई मंत्रियों समेत 20 से अधिक विधायक समिति के समक्ष पहुंचे। 

सूत्रों ने बताया कि यह समिति आज भी पंजाब प्रदेश कांग्रेस के विधायकों एवं मंत्रियों की राय लेगी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह समिति मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के साथ बातचीत करेगी। गौरतलब है कि हाल के कुछ हफ्तों में अमरिंदर सिंह और सिद्धू के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिली है। विधायक परगट सिंह और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कुछ अन्य नेताओं ने भी मुख्यमंत्री के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत