1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. राज ठाकरे ने सोनिया गांधी से की मुलाकात, आधे घंटे तक चली चर्चा

राज ठाकरे ने सोनिया गांधी से की मुलाकात, आधे घंटे तक चली चर्चा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 08, 2019 06:11 pm IST,  Updated : Jul 08, 2019 08:20 pm IST

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने ईवीएम मुद्दे पर 10 जनपथ पर यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी से सोमवार को मुलाकात कर इस मुद्दे पर चर्चा की।

Raj Thackeray- India TV Hindi
Raj Thackeray

नई दिल्ली: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने 10 जनपथ पर यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी से सोमवार को आधे घंटे मुलाकात की। राज ठाकरे ने सोनिया गांधी से Evm के मुद्दे पर बात की। राज ठाकरे ने सोनिया गांधी से कहा कि महाराष्ट्र का चुनाव मत पत्र से होना चाहिए। ऐसा नहीं होने की सूरत में चुनाव का बहिष्कार होना चाहिए। राज ठाकरे ने सोनिया गांधी से कहा EVM के मुद्दे पर आंदोलन को आप लीड करें। इसके अलावा महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों को लेकर भी मनसे की भूमिका और एनसीपी-कांग्रेस के साथ गठजोड़ को लेकर दोनों के बीच चर्चा हुई।

राज ठाकरे सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा से भी मिले थे और इस साल के अंत में राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव ईवीएम की जगह मतपत्रों से कराने की मांग की। पिछले एक दशक से भी ज्यादा समय में राष्ट्रीय राजधानी में पहली बार आए ठाकरे ने कहा कि उन्होंने चुनाव आयोग को एक पत्र देकर मतपत्र से चुनाव कराने की मांग की। उन्होंने मुलाकात को एक औपचारिकता मात्र बताया। बैठक के बाद ठाकरे ने कहा, ‘‘मतदाताओं के मन में संदेह है कि उनके द्वारा डाला गया मत उनके पसंदीदा उम्मीदवार को नहीं गया। ऐसी स्थिति में चुनाव आयोग को मतपत्र की तरफ लौटना चाहिए और महाराष्ट्र विधानसभा का चुनाव इसी के जरिए कराना चाहिए। हमें पूरी आशंका है कि ईवीएम के साथ छेड़छाड़ हो सकती है।’’

ठाकरे ने 220 लोकसभा क्षेत्रों में डाले गए वोट और गिनती के वोट के बीच मिलान में अंतर संबंधी मीडिया की कुछ खबरों का भी हवाला दिया। उन्होंने बाद में कहा, ‘‘इससे हमारे मन में संदेह पैदा हुआ है। ईवीएम की विश्वसनीयता पर संदेह तब और गहरा गया जब चुनाव आयोग ने अपनी वेबसाइट से यह डेटा हटा दिया।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत