1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. राजस्थान में BJP को तगड़ा झटका, उषा पुनिया के बाद एक और नेता ने पार्टी छोड़ी

राजस्थान में BJP को तगड़ा झटका, उषा पुनिया के बाद एक और नेता ने पार्टी छोड़ी

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Oct 10, 2018 07:54 pm IST,  Updated : Oct 10, 2018 07:54 pm IST

इससे पहले भी पार्टी के स्थानीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री से नाराज होकर भाजपा के कई विधायकों व नेताओं ने पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोला।

vasundhara raje and narendra modi- India TV Hindi
vasundhara raje and narendra modi

जयपुर: भाजपा की पूर्व विधायक उषा पूनिया ने बुधवार को पार्टी से त्याग पत्र दे दिया। नवलगढ से निर्दलीय विधायक रहीं प्रतिभा सिंह ने भी भाजपा की सदस्यता से त्यागपत्र देने की घोषणा की है। पूनिया ने संवाददाताओं को बताया कि उन्होंने अपना त्यागपत्र पार्टी अध्यक्ष मदनलाल सैनी को भेजा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों और आदर्शो से प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी लेकिन पिछले कुछ सालों से भाजपा के कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री का नाम लिए बिना कहा कि ‘सरकार का सारा कामकाज सिर्फ मुख्यमंत्री कार्यालय बंगला न. 13 में सिमट गया है।’

उधर, 2003 में नवलगढ़ में निर्दलीय के रूप में चुनाव जीतने वाली प्रतिभा सिंह ने कहा कि उन्होंने अपना त्यागपत्र पार्टी के राष्ट्रीय व प्रदेशाध्यक्ष को भेज दिया है। उन्होंने कहा कि काफी समय से पार्टी में वह अपने आप को उपेक्षित महसूस कर रही थीं। प्रतिभा सिंह 2015 में भाजपा से जुड़ी थीं।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी पार्टी के स्थानीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री से नाराज होकर भाजपा के कई विधायकों व नेताओं ने पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोला। इनमें शिव विधानसभा क्षेत्र से विधायक मानवेन्द्र सिंह, सांगानेर से विधायक घनश्याम तिवाड़ी शामिल है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत