नई दिल्ली: आज से बजट सत्र का दूसरा चरण शुरू हो रहा है। इस सत्र में सरकार को बजट पास कराना है और साथ ही जीएसटी लाने को लेकर कई संबंधित बिल पास कराने हैं। सरकार 1 जुलाई से जीएसटी लागू कराना चाहती है।
केंद्र सरकार आज लोकसभा में मातृत्व अवकाश बिल भी पेश करेगी। इस बिल के तहत महिलाओं का मातृत्व अवकाश 12 हफ्ते से बढ़ाकर 26 हफ्ते किए जाने की बात है। यह बिल पिछले साल अगस्त में राज्यसभा में पारित हो चुका है। इस फैसले से 1.8 मिलियन महिलाओं को फायदा होगा। श्रम मंत्री बंडारू दत्तात्रेय आज इस बिल को लोकसभा में पेश करेंगे। इस का लाभ हर उस संस्था की महिलाओं को मिल पाएगा जहां 10 से ज्यादा कर्मचारी कार्यरत हैं।
UP, MP की घटनाओं पर बयान दे सकते हैं राजनाथ
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह लखनउ में आईएसआईएस के एक संदिग्ध आतंकवादी के मारे जाने और मध्य प्रदेश के शाजापुर में ट्रेन में विस्फोट की घटना पर संसद में बयान दे सकते हैं। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि गृह मंत्री लखनऊ और शाजापुर की घटनाओं पर संसद में विस्तृत बयान दे सकते हैं। बीती रात लखनऊ के एक घर में छिपे संदिग्ध आईएसआईएस आतंकवादी को करीब 12 घंटे चले अभियान के बाद मार गिराया गया।
पुलिस ने कहा कि मध्य प्रदेश में कल ट्रेन में विस्फोट की घटना के तार लखनऊ में मारे गये संदिग्ध आतंकी सैफुल्ला से जुड़े हो सकते हैं। शाजापुर में भोपाल-उज्जैन यात्री ट्रेन में आईईडी विस्फोट में दस लोग घायल हो गये थे जिनमें से तीन की हालत गंभीर है।