1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. दाऊद से ज्यादा खतरनाक हैं सपा नेता आजम खान: शिवसेना

दाऊद से ज्यादा खतरनाक हैं सपा नेता आजम खान: शिवसेना

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 09, 2015 10:51 am IST,  Updated : Dec 09, 2015 10:51 am IST

बाबरी ढांचे पर समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान की कथित टिप्पणी का हवाला देते हुए शिवसेना ने आरोप लगाया कि सपा नेता आतंकी दाऊद इब्राहिम से कहीं ज्यादा खतरनाक हैं।

azamkhan- India TV Hindi
azamkhan

मुंबई: पेरिस हमले और बाबरी ढांचे पर समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान की कथित टिप्पणी का हवाला देते हुए शिवसेना ने आरोप लगाया कि सपा नेता आतंकी दाऊद इब्राहिम से कहीं ज्यादा खतरनाक हैं। पार्टी ने खान को AIMIM के प्रमुख असादुद्दीन ओवैसी से सबक सीखने की नसीहत दी, जिनके बारे में शिवसेना का कहना है कि उन्होंने देश के हित के खिलाफ कभी नहीं बोला।

पार्टी ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ में लिखे एक संपादकीय में कहा है, आज़म खान ने कहा था कि अगर बाबरी मस्जिद शहीद नहीं होती तो मुंबई में बम विस्फोट नहीं होते। इसका मतलब है कि उन्होंने मुंबई बम विस्फोटों का समर्थन किया। यहां तक कि पेरिस में हमले के समय भी खान ने यह कहते हुए आतंकियों का समर्थन किया कि यह सीरिया में यूरोपीय देशों की कार्रवाई का नतीजा है। इसमें आगे कहा गया है, यदि हमारे देश में ही ऐसे सांप-बिच्छू हों तो हमें बाहरी दुश्मनों की जरूरत नहीं है। पाकिस्तान से निपटने के बारे में बोलने से पहले आजम खान जैसे लोगों को सीधा करना चाहिए। दाऊद को पाकिस्तान से जब वापस लाया जाएगा तब लाया जाएगा, लेकिन आजम जैसे लोग देश में उससे कहीं ज्यादा खतरनाक खेल खेल रहे हैं। शिवसेना ने कहा कि एआईएमआईएम प्रमुख असादुद्दीन ओवैसी खान से कहीं अधिक संयंमी हैं और उन्होंने देश के हित के खिलाफ कभी नहीं बोला।

संपादकीय में लिखा गया है, ओवैसी विभिन्न हालात में संतुलित रुख अपनाते हैं और आजम खान को उनसे सबक सीखना चाहिए। उन्हें स्पष्ट करना चाहिए कि बाबरी मस्जिद को शहीद बताने से उनका तात्पर्य क्या है। बाबर एक विदेशी आक्रांता था, जिसने राम मंदिर को नष्ट किया था। इस बात का जवाब आजम खान भी नहीं दे पाएंगे कि राम की अयोध्या बाबर की कब बन गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।