1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. सोनिया गांधी ने कहा, मौजूदा शासक मनमोहन सिंह के ज्ञान से बहुत कुछ सीख सकते हैं

सोनिया गांधी ने कहा, मौजूदा शासक मनमोहन सिंह के ज्ञान से बहुत कुछ सीख सकते हैं

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 26, 2019 01:48 pm IST,  Updated : Sep 26, 2019 01:48 pm IST

कांग्रेस अध्यक्ष ने मनमोहन सिंह के स्वस्थ और समृद्ध जीवन तथा आगे भी राष्ट्र एवं कांग्रेस पार्टी की सेवा करते रहने की कामना की।

Sonia Gandhi greets Manmohan Singh on his 87th birthday | PTI File- India TV Hindi
Sonia Gandhi greets Manmohan Singh on his 87th birthday | PTI File

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को जन्मदिन की बधाई दी। इस मौके पर सोनिया ने कहा कि वर्तमान समय के शासक उनके ज्ञान से बहुत कुछ सीख सकते हैं। सोनिया ने एक बयान में कहा, ‘हम राष्ट्र निर्माण, समावेशी विकास और अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करने में मनमोहन सिंह के शानदार योगदान को याद करते हैं। उनके बेहतरीन नेतृत्व ने यह सुनिश्चित किया कि मुश्किल समय में भी भारत प्रतिबद्धित विकास की तरफ बढ़े। मौजूदा समय के शासक उनके नैसर्गिक ज्ञान से बहुत कुछ सीख सकते हैं।’ 

2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे मनमोहन

कांग्रेस अध्यक्ष ने मनमोहन सिंह के स्वस्थ और समृद्ध जीवन तथा आगे भी राष्ट्र एवं कांग्रेस पार्टी की सेवा करते रहने की कामना की। मनमोहन सिंह गुरुवार को 87 साल के हो गए। वह मई 2004 से मई 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे। मनमोहन सिंह देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बाद सबसे ज्यादा समय तक पीएम रहे हैं। इससे पहले वह नरसिंह राव की सरकार में वित्त मंत्री रहे। इसके अलावा एक अर्थशास्त्री के तौर पर भी उन्होंने अलग-अलग पदों पर रहते हुए सेवाएं दीं।


PM मोदी ने भी दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मनमोहन सिंह को उनके जन्मदिन के अवसर पर शुभकामनाएं दीं और उनके दीर्घायु होने की कामना की। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्विटर के माध्यम से शुभकामना देते हुए ट्वीट किया, ‘हमारे पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।’ आपको बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी एक हफ्ते की अमेरिका यात्रा पर हैं। वहां वह संयुक्त राष्ट्र महारासभा के 74वें सत्र को संबोधित करेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत