चेन्नई: तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे जयललिता को बुखार और शरीर में पानी की कमी की शिकायत के बाद यहां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के मुख्य परिचालन अधिकारी एस विश्वनाथन ने बताया कि अन्नाद्रमुक की 68 वर्षीय प्रमुख को कल रात यहां अपोलो अस्पताल लाया गया। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उनके स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है।
राज्य सरकार द्वारा मीडिया में कल देर रात जारी एक विग्यप्ति में विश्वनाथन ने कहा , तमिलनाडु की माननीय मुख्यमंत्री को बुखार और शरीर में पानी की कमी की शिकायत के बाद चेन्नई के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने बताया कि अब मुख्यमंत्री की हालत स्थिर है और अस्पताल उनकी देखभाल कर रहा है।
हालांकि उनके स्वास्थ्य को लेकर पहले भी अटकलों का दौर गर्म रहा, लेकिन यह पहली बार है जब उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया और आधिकारिक बयान जारी किया गया। गौरतलब है कि जयललिता अक्सर घर से ही काम किया करती थीं और अगर ऑफिस जाती भी थीं तो सिर्फ आधे घंटे के लिए, यह साफ संकेत था कि उनकी सेहत खराब चल रही थी।