अहमदाबाद: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुजरात के अहमदाबाद में स्थित साबरमती आश्रम में चरखा चलाकर सूत काता। इस दौरान उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप भी मौजूद रहीं। मेलानिया ने भी अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ चरखे पर हाथ आजमाया। इस पूरी कवायद के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्रंप दंपति को चरखे के बारे में जानकारी देते रहे। एक मौका ऐसा भी आया जब ट्रंप को चरखा चलाने में परेशानी महसूस हुई, उस समय एक सहायिका ने उनकी मदद की।
Related Stories
राष्ट्रपति ट्रंप इस दौरान चरखे से काफी प्रभावित नजर आए। उनकी पत्नी मेलानिया भी चरखा चलाने को लेकर काफी उत्साहित दिखीं। बता दें कि ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया, बेटी इवांका, दामाद जेरेड कुश्नर और शीर्ष अमेरिकी अधिकारियों के साथ भारत की 2 दिन की यात्रा पर आए हुए हैं। यह राष्ट्रपति के रूप में उनकी पहली भारत यात्रा है। माना जा रहा है कि इस यात्रा के जरिए भारत और अमेरिका अपने रिश्तों को एक नई ऊंचाई तक ले जा पाने में कामयाब होंगे।
बता दें कि ट्रंप का यह भारत दौरा काफी व्यस्त रहने वाला है। साबरमती आश्रम से चलकर ट्रंप सीधे मोटेरा स्टेडियम जाएंगे जहां 'नमस्ते ट्रंप' नाम के कार्यक्रम में उनका स्वागत किया जाएगा। इस दौरान नवनिर्मित स्टेडियम में एक लाख से ऊपर लोग ट्रंप का स्वागत करेंगे। मोटेरा स्टेडियम के कार्यक्रम के संपन्न होने के बाद ट्रंप आगरा की तरफ रवाना होंगे जहां वह विश्व प्रसिद्ध स्मारक ताज महल का दीदार करेंगे। मोहब्बत की नगरी में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की मेजबानी उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।