देहरादून: उत्तराखंड मंत्रिमंडल ने आज राज्य विधानसभा का 29 अप्रैल को सत्र बुलाये जाने का निर्णय किया है, जिसमें मुख्यमंत्री हरीश रावत सदन में अपना बहुमत सिद्व करने का प्रयास करेंगे।
मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री रावत की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में उत्तराखंड उच्च न्यायालय द्वारा कल इस संबंध में दिये गये आदेश के अनुपालन में विधानसभा का सत्र 29 अप्रैल को बुलाने का निर्णय किया गया है।
नैनीताल स्थित उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने कल रावत की याचिका पर सुनवाई करते हुए प्रदेश से राष्ट्रपति शासन हटाने और 29 अप्रैल को विधानसभा में शक्ति परीक्षण करने का आदेश दिया था।