1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कुरान की कुछ आयतें हटाने के लिए SC में याचिका, शाहनवाज हुसैन ने वसीम रिजवी की निंदा की

कुरान की कुछ आयतें हटाने के लिए SC में याचिका, शाहनवाज हुसैन ने वसीम रिजवी की निंदा की

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 16, 2021 12:35 pm IST,  Updated : Mar 16, 2021 03:23 pm IST

बीजेपी नेता और बिहार सरकार में मंत्री सैयद शाहनवाज़ हुसैन ने कुरान की कुछ आयतों को हटाने के लिए SC में याचिका दाखिल करने के लिए यूपी शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी की निंदा की है।

कुरान की कुछ आयतें हटाने के लिए SC में याचिका, शाहनवाज हुसैन ने वसीन रिजवी की निंदा की- India TV Hindi
कुरान की कुछ आयतें हटाने के लिए SC में याचिका, शाहनवाज हुसैन ने वसीन रिजवी की निंदा की Image Source : FILE

पटना: बीजेपी नेता और बिहार सरकार में मंत्री सैयद शाहनवाज़ हुसैन ने कुरान की कुछ आयतों को हटाने के लिए SC में याचिका दाखिल करने के लिए यूपी शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी की निंदा की है। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि उनकी पार्टी उन लोगों के खिलाफ है जो किसी भी धार्मिक ग्रंथ का अपमान करते हैं। 

आपको बता दें कि शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी ने कुरान की 26 आयतों को हटाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका दाखिल की है। अपनी याचिका में वसीम रिजवी ने कहा है कि कुरान की इन आयतों से आतंकवाद को बढ़ावा मिलता है। वसीम रिजवी का कहना है कि मदरसों में बच्चों को कुरान की इन आयतों को पढ़ाया जा रहा है, जिससे उनका ज़हन कट्टरपंथ की ओर बढ़ रहा है। उनकी इस पीआईएल पर विवाद पैदा हो गया है क्योंकि कई मुस्लिम मौलानाओं का कहना है कि कुरान से कुछ भी नहीं हटाया जा सकता।

पढ़ेंः जम्मू में PIA लिखा विमान के आकार का गुब्बारा मिला, सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं

वसीम रिजवी ने अपनी पीआईएल में कहा है कि कुरान की इन 26 आयतों में हिंसा की शिक्षा दी गई है और कोई भी ऐसी तालीम जो आतंकवाद को बढ़ावा देती है, उसे रोका जाना चाहिए। रिजवी ने कहा है कि देशहित मे कोर्ट को इन आयतों को हटाने के आदेश देने चाहिए। उन्होंने कहा कि इन आयतों को कुरान में बाद में शामिल किया गया है। रिजवी का कहना है कि मोहम्मद साहब के बाद पहले खलीफा हजरत अबू बकर, दूसरे खलीफा हजरत उमर और तीसरे खलीफा हजरत उस्मान ने कुरान की आयतों को इकट्ठा करके उसे किताब की शक्ल में जारी किया। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल याचिका में कहा कि इन तीनों खलीफाओं ने अपनी ताकत का इस्तेमाल करके इस तरह की आयतों को डाल दिया।

पढ़ेंः देशभर में कोरोना के 24,492 नए मामले सामने आए, 24 घंटे में 131 लोगों की मौत

वसीम रिजवी की इस पीआईएल पर मुस्लिम समुदाय में काफी गुस्सा देखा जा रहा है। समुदाय के कई नेताओं और मौलानाओं ने रिजवी की जनहित याचिका की सख्त निंदा की है और इसका विरोध किया है। मुस्लिम मौलानाओं का कहना है कि कुरान से कुछ भी हटाया नही जा सकता। मौलाना खालिद रशीद ने कहा कि याचिका ने करोड़ो मुसलमानों के जज्बातों को ठेस पहुंचाई है। वहीं, ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के प्रवक्ता मौलाना यासूब अब्बास ने कहा कि 26 आयतें हटाना तो दूर की बात है, क़ुरान से एक शब्द या एक बिंदु भी नहीं निकाला जा सकता। मौलानाओं ने सरकार से वसीम रिजवी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत