1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ कई राज्यों में प्रदर्शन, AAP कार्यकर्ताओं की पुलिस से हुई झड़प

सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ कई राज्यों में प्रदर्शन, AAP कार्यकर्ताओं की पुलिस से हुई झड़प

 Written By: Subhash Kumar @ImSubhashojha
 Published : Oct 05, 2023 03:23 pm IST,  Updated : Oct 05, 2023 03:55 pm IST

संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद विपक्षी दल और पार्टी कार्यकर्ता बुरी तरह भड़क गए हैं।

सांसद संजय सिंह।- India TV Hindi
सांसद संजय सिंह। Image Source : PTI

आम आदमी पार्टी के नेता और सांसद संजय सिंह को बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिल्ली शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार कर लिया। संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद विपक्षी दल और पार्टी कार्यकर्ता बुरी तरह भड़क गए हैं। पंजाब, दिल्ली समेत कई अन्य राज्यों में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता संजय सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं और पुलिस से उलझ रहे हैं। 

दिल्ली में पुलिस से झड़प

सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पार्टी के मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। यहां पुलिस के साथ कार्यकर्ताओं की झड़प की खबर सामने आई है। बता दें कि संजय सिंह को कल शाम दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति मामले में उनके आवास पर ईडी ने छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया था।

चंडीगढ़ में भी प्रदर्शन
बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय द्वारा आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ में भी पार्टी के कार्यकर्ता बड़े स्तर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। चंडीगढ़ पुलिस को प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल भी करना पड़ा है। इसके अलावा महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भी संजय सिंह की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन कर रहे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

विपक्षी दलों ने किया विरोध
संजय सिंह की गिरफ्तारी पर विपक्षी दलों के नेता भी सरकार पर निशाना साध रहे हैं। छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि जब से NDA की सरकार आई है तभी से विपक्षी नेताओं को दबाने और कुचलने की कोशिश की जा रही है। वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि सरकार को ये लगता है कि जो भी उनके खिलाफ है उसे गिरफ्तार कर लो। एक ही दिन में पत्रकारों और AAP नेता की गिरफ्तारी हुई। वहीं, नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारुख अब्दुल्ला ने कहा, "यह बहुत दुखद है। संजय सिंह सरकार के कई कृत्यों के खिलाफ संसद में काफी मुखर रहे हैं। वे लंबे समय से सरकार की नजरों में थे क्योंकि वे एक प्रखर वक्ता हैं

ये भी पढ़ें- बीजेपी ने पोस्टर के जरिए AAP और कांग्रेस पर बोला हमला, राहुल गांधी को बताया नए जमाने का रावण, सिसोदिया-संजय 'दो कैदी'

ये भी पढ़ें- सिक्किम में सैलाब : मृतकों की संख्या बढ़कर 14 हुई, सेना के 22 जवान समेत 102 लोग लापता, सर्च ऑपरेशन जारी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत