1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. PM मोदी ने लोकसभा में दिया था 'दोस्त' वाला बयान, अब आया अखिलेश यादव का जवाब

PM मोदी ने लोकसभा में दिया था 'दोस्त' वाला बयान, अब आया अखिलेश यादव का जवाब

 Published : Apr 21, 2026 04:18 pm IST,  Updated : Apr 21, 2026 04:18 pm IST

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने पीएम नरेंद्र मोदी के ‘दोस्त’ वाले बयान पर अब प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि यह तो पीएम ही बता सकते हैं कि आखिर उन्होंने कौन-सी मदद की है।

Akhilesh Yadav, Narendra Modi, Lok Sabha statement, Narendra Modi Friend Akhilesh Yadav- India TV Hindi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव। Image Source : PTI

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने उन्हें अपना 'दोस्त' बताया था। अखिलेश यादव ने पीएम मोदी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें 'ऐसे दोस्तों की जरूरत नहीं है।' दरअसल, पिछले हफ्ते लोकसभा में महिलाओं के आरक्षण से जुड़े अब खारिज हो चुके संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने हल्के-फुल्के अंदाज़ में कहा था, 'अखिलेश जी मेरे दोस्त हैं, इसलिए वह कभी-कभी मेरी मदद कर देते हैं।'

'आप प्रधानमंत्री से पूछिए कि मैंने कौन-सी मदद की है'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह टिप्पणी सपा सांसद धर्मेंद्र यादव द्वारा उनके OBC समुदाय से होने का जिक्र करने के बाद की थी। उन्होंने यह भी कहा था कि सभी के हितों का ध्यान रखना उनकी जिम्मेदारी है। इस बयान पर लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा, 'यह बहुत महत्वपूर्ण सवाल है, लेकिन सदन में हमारा माइक बंद कर दिया गया था। हमने कहा है कि हमें ऐसे दोस्तों की जरूरत नहीं है। आप प्रधानमंत्री से पूछिए कि मैंने कौन-सी मदद की है, तो वही इसका जवाब देंगे। मेरी जानकारी में ऐसा कुछ नहीं है।'

' जब BJP हार रही होती है, तो वह कुछ भी कर सकती है'

एक अन्य सवाल के जवाब में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'मैं सभी को सावधान और सतर्क रहने की चेतावनी देना चाहता हूं। जब बीजेपी हार रही होती है, तो वह कुछ भी कर सकती है। अब वह हार की ओर बढ़ रही है और जब वह जाएगी, तो शायद कभी वापस न आ सके। यही डर उन्हें सबसे ज्यादा परेशान कर रहा है।' सपा सुप्रीमो के इस बयान ने यूपी कि सियासी हवा में गरमी पैदा कर दी है। अब बीजेपी की तरफ से इस पर प्रतिक्रिया का इंतजार है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत