1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अखिलेश यादव बोले- यूपी में सरकार बनी तो 300 यूनिट बिजली मुफ्त, महिलाओं को साल में 40 हजार रुपये पेंशन देंगे

अखिलेश यादव बोले- यूपी में सरकार बनी तो 300 यूनिट बिजली मुफ्त, महिलाओं को साल में 40 हजार रुपये पेंशन देंगे

 Reported By: Ruchi Kumar Edited By: Mangal Yadav
 Published : Apr 21, 2026 12:21 pm IST,  Updated : Apr 21, 2026 12:35 pm IST

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वादा किया है कि अगर 2027 के विधानसभा चुनावों के बाद उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी की सरकार बनती है तो राज्य के उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव- India TV Hindi
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव। फाइल Image Source : PTI

लखनऊः यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घोषणा की है कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश के उपभोक्ताओं को 300 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। इसके साथ ही महिलाओं को साल में 40 हजार रुपये पेंशन में मिलेंगे। अखिलेश यादव ने ये बातें प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में बुन्देल खण्ड सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। 

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2027 में बीजेपी को हराने के लिए एकता और आपसी तालमेल दिखाने का आग्रह किया। अखिलेश यादव ने कहा कि हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि 2027 में बीजेपी एक भी सीट के लिए तरस जाए। 

 स्मार्ट मीटर को लेकर सरकार पर साधा निशाना

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर चल रही बिजली की ठगी के खि़लाफ़ उत्तर प्रदेश की जनता के गुस्से का मीटर हाई है, क्योंकि उसे पता चल गया है कि बेवजह ज़रूरत से ज़्यादा मीटर रीडिंग आने और बिजली का खर्चा बेतहाशा बढ़ने का असली कारण भाजपा का भ्रष्टाचार है। जनता समझ गयी है कि भाजपाई ठेके देने से पहले ही मीटर-बिजली कंपनी से एडंवास कमीशन वसूल लेते हैं, जिसकी वसूली बिजली कंपनियां मीटरों को पहले से तेज दौड़ने के लिए सेट करके करती हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के बिजली मीटर भी, ईवीएम मशीन की तरह हेराफेरी करते हैं। भाजपाई जनता के गुस्से के करंट से दूर ही रहें। महंगे सिलेंडर और महंगी बिजली के बिल ही भाजपा का कनेक्शन सत्ता से काट देंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता स्वास्थ्य सेवाओं की बर्बादी, खाद की कमी से जूझ रही है। स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं को परेशान किया जा रहा है। 

यूपी में बनेगी सपा की सरकारः अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी। बीजेपी बुरी तरह हारने जा रही है। असली महिला विरोधी बीजेपी है, उन्होंने कभी अपने संगठन में महिलाओं को शामिल नहीं किया। यह लड़ाई बहुत पुरानी है कि भागीदारी कैसे पहुंचाएं। इसीलिए PDA के माध्यम से हम लोगों की कोशिश है कि उन सब लोगों को एक मंच पर लाकर विशेष अवसर दे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।