उत्तर प्रदेश के जनपद अमरोहा में तेज बारिश के चलते एक निर्माणाधीन मकान का लिंटर गिर गया। इससे उसके नीचे बैठे लोगों में तीन की दबकर मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना पर टीम के साथ पहुंचे डीम और अन्य अधिकारियों ने राहत व बचाव कार्य कर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। बच्चे सहित तीन लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। डीएम ने जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में बरसात के दौरान निर्माण कार्य रोकने के लिए भी कहा गया है।
निर्णाण कार्य करने के बाद उसी के नीचे बैठकर खाना खा रहे थे, इसी दौरान हुआ हादसा
अमरोहा के थाना सैदनगली के गांव ताजपुर डूंगर में रहने वाले मुरारी के निर्माणाधीन मकान का गुरुवार को लिंटर डाला जा रहा था। इसी दौरान शाम को तेजी बारिश शुरू हो गई, लेकिन काम जारी रहा। कुछ देर बाद काम निबटा तो परिवार के लोग व काम करने वाले उसी लिंटर के नीचे बैठकर खाना खाने लगे। इसी दौरान भरभराकर अचानक पूरा लिंटर नीचे गिर गया, जिससे नीचे बैठे सभी लोग दब गए। आनन फानन में लोगों की ओर से बचाव कार्य किया गया। कुछ लोगों को घायल अवस्था में निकाल लिया गया, लेकिन महिला मीनू व उसके दो वर्षीय बेटे लाल सिंह व बुजुर्ग महिला स्मृति को जब तक निकाला गया तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मीनू पास के ही तरारा गांव से अपने मायके आई हुई थी। घायल होने वालों में शिवम, रवि, केसराम, शिवकुमार, नवीन कुमार व राजू शामिल हैं। सभी गंभीर रूप से जख्मी बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत टीमें मौके पर पहुंची। इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ और एसपी लखन सिंह यादव भी मौजूद रहे। तुरंत जेसीबी से मलबा हटवाया गया। साथ ही घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए हादसे की जांच शुरू कर दी है। डीएम ने बताया कि इस घटना के बाद बारिश में मकानों का निर्माण रोके जाने को बोला गया है।
अमरोहा से राजीव शर्मा की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
'समधी ने की 25 शादी, ठगे 600 करोड़', रोते हुए विधायक ने कहा-उसे फांसी दे दो, जानें पूरा मामला