1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. लुधियाना-पश्चिम और विसावदर उपचुनाव में 'AAP' को मिली बड़ी जीत, अरविंद केजरीवाल ने कही ये बड़ी बात

लुधियाना-पश्चिम और विसावदर उपचुनाव में 'AAP' को मिली बड़ी जीत, अरविंद केजरीवाल ने कही ये बड़ी बात

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jun 23, 2025 03:35 pm IST,  Updated : Jun 23, 2025 03:35 pm IST

चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी ने दो सीटों पर जीत हासिल की है। इनमें एक सीट गुजरात की विसावदर है, जबकि दूसरी पंजाब की लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट है। इन दोनों सीटों पर जीत के बाद अरविंद केजरीवाल ने बयान दिया है।

अरविंद केजरीवाल ने जीत पर कार्यकर्ताओं को दी बधाई।- India TV Hindi
अरविंद केजरीवाल ने जीत पर कार्यकर्ताओं को दी बधाई। Image Source : ARVINDKEJRIWAL/X

देश के चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर हाल ही में उपचुनाव हुए। आज इन उपचुनाव के लिए हुए मतदान के नतीजे भी सामने आ गए हैं। इन पांच सीटों में से दो सीटों पर आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज की है। वहीं आम आदमी पार्टी की जीत से पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह है। इस बीच आप मुखिया अरविंद केजरीवाल का बयान सामने आया है। उन्होंने बीजेपी और कांग्रेस दोनों दलों पर निशाना साधा है। बता दें कि एक तरफ गुजरात की विसावदर सीट तो दूसरी तरफ पंजाब की लुधियान-पश्चिम सीट पर आम आदमी पार्टी ने बड़ी जीत हासिल की है।

दोनों सीटों पर दोगुने मार्जिन से जीत

इन दोनों सीटों पर आप की जीत के बाद अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट में कहा, "गुजरात की विसावदर और पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीटों पर आम आदमी पार्टी की शानदार जीत पर आप सबको बहुत बहुत बधाई। गुजरात और पंजाब के लोगों को बहुत बधाई और बहुत बहुत शुक्रिया। दोनों जगह पिछले चुनाव के मुकाबले लगभग दोगुने मार्जिन से जीत हुई है। 

कांग्रेस-बीजेपी पर निशाना

केजरीवाल ने आगे कहा, "ये दिखाता है कि पंजाब के लोग हमारी सरकार के कामों से बहुत खुश हैं और उन्होंने 2022 से भी ज्यादा वोट दिया है। गुजरात की जनता अब बीजेपी से परेशान हो चुकी है और उन्हें आम आदमी पार्टी में उम्मीद दिखाई दे रही है। दोनों जगह कांग्रेस और बीजेपी, दोनों पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ीं। इन दोनों का एक ही मकसद था -“आप” को हराना। लेकिन लोगों ने दोनों जगह इन दोनों पार्टियों को नकार दिया।"

पांच में से दो सीटों पर AAP की जीत

बता दें कि चार राज्यों की पांच सीटों पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी ने दो सीटें अपने नाम की हैं। वहीं, बीजेपी, कांग्रेस और टीएमसी के खाते में एक-एक सीट गई है। गुजरात की दो सीटों पर उपचुनाव हुआ। यहां एक सीट बीजेपी और एक सीट आम आदमी पार्टी के खाते में गई। पश्चिम बंगाल में टीएमसी, केरल में कांग्रेस और पंजाब में आम आदमी पार्टी को जीत मिली है। सभी सीटों पर 21 जून को मतदान हुआ और 23 जून को वोटों की गिनती की गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत