1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'भ्रष्टाचार के मामलों में पकड़े गए अपराधियों की तुलना शहीदों से क्यों?', केजरीवाल के बयान पर भगत सिंह के रिश्तेदार ने साधा निशाना

'भ्रष्टाचार के मामलों में पकड़े गए अपराधियों की तुलना शहीदों से क्यों?', केजरीवाल के बयान पर भगत सिंह के रिश्तेदार ने साधा निशाना

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Oct 18, 2022 12:14 pm IST,  Updated : Oct 18, 2022 01:04 pm IST

शहीद भगत सिंह के रिश्तेदार हरभजन सिंह ढाथ ने सीएम केजरीवाल के उस बयान को लेकर निशाना साधा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन आज के भगत सिंह हैं। गौरतलब है कि सीबीआई की ओर से पूछताछ के लिए मनीष सिसोदिया को बुलाए जाने पर केजरीवाल ने ये बात कही थी।

Harbhajan Singh Dhath- India TV Hindi
Harbhajan Singh Dhath Image Source : ANI

Highlights

  • केजरीवाल के बयान पर भगत सिंह के रिश्तेदार ने साधा निशाना
  • कहा- भ्रष्टाचार के मामलों में पकड़े गए अपराधियों की तुलना शहीदों से क्यों?
  • आपकी जो भी लड़ाई है, उसे राजनीतिक रूप से लड़ें: भगत सिंह के रिश्तेदार

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) द्वारा डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) और मंत्री सत्येंद्र जैन (Satyendra Kumar Jain)  की तुलना शहीद भगत सिंह से करने के बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया है। शहीद भगत सिंह के रिश्तेदार हरभजन सिंह ढाथ (Harbhajan Singh Dhath) ने केजरीवाल के बयान पर आपत्ति जताई है। हरभजन सिंह ने कहा, 'भ्रष्टाचार के मामलों में पकड़े गए अपराधियों की तुलना शहीदों से क्यों की जा रही है? वह इससे क्या राजनीतिक लाभ चाहते थे? आपकी जो भी लड़ाई है, उसे राजनीतिक रूप से लड़ें।'

हरभजन ने कहा, 'सत्ता में चुने जाने का उनका (भगत सिंह का) मिशन कभी नहीं था, वरना वह बच सकते थे और उन्हें फांसी नहीं दी जा सकती थी। उन्हें पंजाब की आज की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए।'

सीएम केजरीवाल ने भगत सिंह को लेकर क्या कहा था?

बता दें कि केजरीवाल ने कथित आबकारी घोटाले को लेकर सीबीआई की ओर से पूछताछ के लिए मनीष सिसोदिया को बुलाए जाने पर ट्वीट किया था और अपनी सरकार के मंत्रियों की तुलना शहीद भगत सिंह से की थी। सीएम केजरीवाल ने मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को आज का भगत सिंह करार दिया था।

केजरीवाल ने ट्वीट किया था, 'जेल की सलाखें और फांसी का फंदा भगत सिंह के बुलंद इरादों को डिगा नहीं पाए। ये आजादी की दूसरी लड़ाई है। मनीष और सत्येंद्र आज के भगत सिंह हैं। 75 साल बाद देश को एक शिक्षा मंत्री मिला जिसने गरीबों को अच्छी शिक्षा देकर सुनहरे भविष्य की उम्मीद दी। करोड़ों गरीबों की दुआएं आपके साथ हैं।'

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत