1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' झारखंड पहुंची, राहुल गांधी बोले- 'चुनी हुई सरकार को बीजेपी ने चोरी करने की कोशिश की'

कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' झारखंड पहुंची, राहुल गांधी बोले- 'चुनी हुई सरकार को बीजेपी ने चोरी करने की कोशिश की'

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Feb 02, 2024 08:28 pm IST,  Updated : Feb 02, 2024 08:37 pm IST

पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की आलोचना करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि झारखंड के लोगों ने जो सरकार चुनी थी, उसे बीजेपी ने चोरी करने की कोशिश की। लेकिन हम उनकी साजिश के खिलाफ खड़े हो गए।

राहुल गांधी- India TV Hindi
राहुल गांधी Image Source : @INCINDIA

पाकुड़ः कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' पश्चिम बंगाल से झारखंड में प्रवेश कर गई है। पाकुड़ में 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' पहुंचने पर कांग्रेस और जेएमएम कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया। इस यात्रा में झारखंड के नए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन भी शामिल हुए। इस दौरान राहुल गांधी ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस सांसद ने कहा कि बीजेपी के लोग जहां भी नफरत का बाजार खोलते हैं, कांग्रेस और हमारे गठबंधन के साथी वहां प्यार की दुकान खोलते हैं।

बीजेपी ने रची साजिशः राहुल

पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की आलोचना करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि झारखंड के लोगों ने जो सरकार चुनी थी, उसे बीजेपी ने चोरी करने की कोशिश की। लेकिन हम उनकी साजिश के खिलाफ खड़े हो गए।  हमारी लड़ाई विचारधारा की है। उनके पास धन है, सारी एजेंसियां हैं। हम बीजेपी से डरने वाले नहीं हैं। झारखंड की जनता को बधाई देता हूं कि आपने अपनी सरकार बचाई। 

राहुल बोले- करोड़ों लोगों के साथ हो रहा अन्याय

राहुल गांधी ने कहा कि आज हिन्दुस्तान में करोड़ों लोगों के साथ 'अन्याय' हो रहा है। आज के हिन्दुस्तान में युवाओं को रोजगार नहीं मिल सकता, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी और जीएसटी लागू कर छोटे व्यापारियों को खत्म कर दिया है। इसलिए हम इस यात्रा में आपसे आर्थिक और सामाजिक न्याय पर बात करने आए हैं।  मैं पश्चिम बंगाल की जनता, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और अधीर रंजन का धन्यवाद करना चाहता हूं। आपने इस यात्रा को सफल बनाने के लिए इसे इतनी शक्ति और मोहब्बत दी। 

मुख्यमंत्री चंपई सोरेन भी बीजेपी पर बरसे

वहीं, झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि बीजेपी ने केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया है। हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी का जवाब झारखंड की जनता बीजेपी को देगी। आजादी के लिए हमारे पूर्वजों ने लड़ाई लड़ी थी। उनके सपने को पूरा कर हम लोकतंत्र की रक्षा करेंगे, संविधान को बचाएंगे। आज हम सभी 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के साथ हैं।  

बता दें कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ईडी ने अभी हाल में ही गिरफ्तार कर लिया था। हेमंत सोरेन अभी ईडी की रिमांड पर हैं। इंडिया गठबंधन के नेता बीजेपी पर लगातार निशाना साध रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत