1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. राहुल गांधी के जन्मदिन के मौके पर कांग्रेस कर रही महा रोजगार मेला का आयोजन, जानें कहां और कब होगा, जुटेंगी 150 से अधिक कंपनियां

राहुल गांधी के जन्मदिन के मौके पर कांग्रेस कर रही महा रोजगार मेला का आयोजन, जानें कहां और कब होगा, जुटेंगी 150 से अधिक कंपनियां

 Reported By: Vijai Laxmi Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Jun 14, 2026 05:49 pm IST,  Updated : Jun 14, 2026 05:49 pm IST

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के जन्मदिन के मौके पर कांग्रेस द्वारा महा रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 150 से अधिक कंपनियां आएंगी।

Rahul Gandhi- India TV Hindi
राहुल गांधी Image Source : PTI/FILE

नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर कांग्रेस 19 जून को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में 'महा रोजगार मेला' आयोजित करेगी। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस रोजगार मेले में 150 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां और संस्थान भाग लेंगे। मेले का आयोजन भारतीय युवा कांग्रेस और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

पंजीकरण कोड को स्कैन करने पर भारतीय युवा कांग्रेस की वेबसाइट खुलेगी, जहां फॉर्म भरा जा सकता है।  ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन भी कराया जा रहा है। साथ ही, यदि कोई युवा पहले पंजीकरण नहीं कर पाता है, तो वह 19 जून को सीधे तालकटोरा स्टेडियम पहुंचकर मौके पर अपना पंजीकरण करा सकता है। 10वीं पास से लेकर स्नातकोत्तर युवा अपनी योग्यता के अनुसार साक्षात्कार दे सकते हैं। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क है। 

इस महा रोजगार मेले की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी। योग्यता के अनुसार युवाओं का साक्षात्कार लिया जाएगा और चयन होने पर मौके पर ही ऑफर लेटर सौंप दिया जाएगा। रोजगार मेले के समापन के बाद भी कांग्रेस द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर एक महीने तक सक्रिय रहेगा। यदि किसी युवा को ऑफर लेटर मिलने के बाद ज्वाइनिंग में कोई समस्या होती है, तो उसे इस हेल्पलाइन के जरिए दूर किया जाएगा।

पेपर लीक के मामले पर मोदी सरकार पर साधा गया निशाना

इस मौके पर मोदी सरकार पर भी निशाना साधा गया और कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन में बेरोजगारी और पेपर लीक का रिकॉर्ड बना है। 90 से ज्यादा पेपर लीक हो चुके हैं। छात्र सालों मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक हो जाता है। इस मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की भी आलोचना की गई और कहा गया कि आज मोदी सरकार हर मोर्चे पर नाकाम हो चुकी है। हाल ही में अमेरिकन नेवी ने समुद्री जहाज में तीन भारतीय लोगों की हत्या कर दी, लेकिन नरेंद्र मोदी "थैंक यू, थैंक यू अमेरिका" कर रहे हैं।   हालांकि कांग्रेस केंद्र की सत्ता में नहीं है और वे कोई सरकारी नौकरी नहीं दे सकते, लेकिन एक समाधान खोजने वाली पार्टी होने के नाते वे निजी क्षेत्र के माध्यम से युवाओं को मौका दे रहे हैं। 

इस दौरान पिछले आयोजनों के आंकड़े साझा करते हुए बताया गया कि दिल्ली में पिछले साल 18,000 पंजीकरण हुए थे, जिनमें से लगभग 7,000 युवाओं को रोजगार के अवसर मिले थे। वहीं जयपुर में 3,000 और पटना में करीब 10,000 युवाओं को रोजगार मिला। इन आयोजनों में औसत चयन दर लगभग 30 प्रतिशत रही।

भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा गया कि दिल्ली कभी देश भर के युवाओं के सपने पूरे करती थी, आज उसका खुद का नौजवान हताश है। भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार की नीतियों की वजह से रोजगार बढ़ने के बजाय घट रहे हैं। दिल्ली के हजारों लोगों को रोजगार देने वाला 50 साल पुराना कुटीर और लघु उद्योग का सिस्टम सरकार की गलत नीतियों के कारण चौपट हो चुका है। देश और दिल्ली का युवा 45 साल की सबसे बड़ी बेरोजगारी से जूझ रहा है। बेरोजगारी के साथ महंगाई भी बढ़ रही है। इस माहौल में कांग्रेस की कोशिश है कि युवाओं को एक नई उम्मीद दी जाए। पिछले साल पहले ही दिन करीब 3,500 युवाओं को मौके पर ही नौकरियां मिली थीं, इस बार यह आंकड़ा और बड़ा होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत