1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'कर्नाटक को भगवान ही बचा सकते हैं, प्रधानमंत्री मोदी राज्य के लिए कुछ करें', देवेगौड़ा की खास अपील

'कर्नाटक को भगवान ही बचा सकते हैं, प्रधानमंत्री मोदी राज्य के लिए कुछ करें', देवेगौड़ा की खास अपील

 Published : Mar 23, 2026 10:22 pm IST,  Updated : Mar 23, 2026 10:32 pm IST

देश की संसद से देवेगौड़ा का यह बयान कर्नाटक में चल रहे मुद्दों और प्रशासनिक चुनौतियों के बीच आया है। ऐसे में राज्य की राजनीतिक हलचल तेज हो सकती है।

देवेगौड़ा और पीएम नरेंद्र मोदी- India TV Hindi
देवेगौड़ा और पीएम नरेंद्र मोदी Image Source : PTI

पूर्व प्रधानमंत्री और जनता दल (एस) के नेता एचडी देवेगौड़ा ने सोमवार को राज्यसभा में पीएम मोदी से खास अपील की है। देवेगौड़ा ने कहा कि जिस तरह से कांग्रेस सरकार कर्नाटक का शासन चला रही है, ऐसे में राज्य को भगवान ही बचा सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राज्य में उद्योग को पुनर्जीवित करने के लिए कुछ कदम उठाने का आग्रह किया। 

सत्ता के भूखे नेता नहीं - देवेगौड़ा

राज्य सभा में विनियोग विधेयक (संख्या 2) पर चर्चा में भाग लेते हुए देवेगौड़ा ने कहा कि वह 'सत्ता के भूखे नेता नहीं हैं' और उन्होंने कुछ लोगों द्वारा अपनी पार्टी के विलय की मांग को खारिज कर दिया था। उन्होंने विभिन्न दलों के सदस्यों से एलपीजी की कमी को लेकर प्रधानमंत्री पर हमला नहीं करने का आग्रह किया और कहा कि पश्चिम एशिया संकट का समाधान कैसे होना चाहिए, यह केवल प्रधानमंत्री मोदी ही दुनिया को बता सकते हैं। 

पीएम मोदी बहुत ही परिपक्व नेता

देवेगौड़ा ने कहा, 'मैं उन मित्रों से अनुरोध करता हूं जो इस गैस (मुद्दे) के कारण सरकार पर हमला करने की कोशिश कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने सभी को सलाह दी है कि राज्यों और भारत सरकार को कैसा व्यवहार करना चाहिए। वह बहुत ही परिपक्व नेता हैं।'

कर्नाटक के लिए कुछ कीजिए पीएम मोदी

उन्होंने कर्नाटक में उद्योग को पुनर्जीवित करने के लिए प्रधानमंत्री से कदम उठाने का आग्रह करते हुए कहा, 'कर्नाटक के लिए कुछ कीजिए। इस कर्नाटक सरकार की चिंता मत कीजिए।' देवेगौड़ा ने कहा, 'मेरे बेटे ने मुख्यमंत्री रहते हुए कर्नाटक के सात जिलों में औद्योगिक क्लस्टर बनाए। प्रधानमंत्री रहते हुए मैंने इस्पात कारखानों को बचाने के लिए 650 करोड़ रुपये मंजूर किए। मेरे पद छोड़ने के बाद, वहां केवल एक छोटी इकाई बची है।' 

कर्नाटक की स्थिति और हालात इतने खराब क्यों?

उन्होंने कहा, 'मैं सदन के नेता से, संसदीय कार्य मंत्री से और प्रधानमंत्री से अपील करता हूं कि कर्नाटक के लिए कुछ करें। कर्नाटक की स्थिति और हालात इतने खराब क्यों हैं, इस पर ध्यान नहीं दें, जिसका मैं जिक्र नहीं करना चाहता।' 

भगवान ही कर्नाटक को बचा सकता है

पूर्व प्रधानमंत्री ने अपने गृह राज्य का जिक्र करते हुए कहा, 'कर्नाटक में जो हालात हैं, ऐसे में भगवान ही कर्नाटक को बचा सकते हैं। हमारे महान नेता मोदी साहब के नेतृत्व में देश को बचाएं।' देवेगौड़ा ने कहा, 'मैं सभी वर्गों का आभारी हूं। जिनमें तृणमूल कांग्रेस नेता भी शामिल हैं, जिनके लिए मेरे मन में बहुत सम्मान है। जब कुमारस्वामी ने शपथ ली थी, तब वह सोनिया गांधी जैसे कई बड़े नेताओं के साथ आई थीं। वह सरकार 14 महीनों में गिर गई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। जयराम रमेश से पूछिए।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत