बेंगलुरूः कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल के नेता डी के शिवकुमार ने शनिवार को राजभवन जाकर राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात की और राज्य में नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। शिवकुमार के साथ पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और कांग्रेस महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल और कांग्रेस के कर्नाटक मामलों के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला भी थे।
डीके शिवकुमार चुने गए कांग्रेस विधायक दल के नेता
इससे पहले डीके शिवकुमार को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया, जिससे उनके राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। पूर्व सीएम सिद्दारमैया ने डीके के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी.वेणुगोपाल और पार्टी के कर्नाटक मामलों के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला की मौजूदगी में यह बैठक हुई। दोनों नेता बैठक के लिए शनिवार सुबह बेंगलुरु पहुंचे। इससे पहले सिद्दारमैया ने CLP लीडर के पद से इस्तीफा दे दिया था।
तीन जून को सीएम पद की शपथ लेंगे डीके शिवकुमार
जानकारी के मुताबिक, डीके शिवकुमार लोकभवन में बुधवार 3 जून को शाम 4 बजकर 5 मिनट पर मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे। वह लोकभवन के ग्लास हाउस में सादे समारोह में सीएम पद की शपथ लेंगे। इससे पहले विधान सभा के ग्रांड स्टेप्स पर शपथ लेने की चर्चा थी, लेकिन भीड़ और ट्रैफिक समस्या को ध्यान में रखते हुए लोकभवन के अंदर ही शपथ लेने का निर्णय लिया गया है। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सिद्धरमैया का इस्तीफा स्वीकार कर लिया था और मंत्रिपरिषद को भंग कर दिया था।
2028 में फिर बनेगी कांग्रेस सरकारः वेणुगोपाल
कांग्रेस महासचिव के.सी.वेणुगोपाल ने दावा किया कि कर्नाटक में डीके शिवकुमार के नेतृत्व में पार्टी एक बार फिर से सत्ता में लौटेगी। बैठक के बाद वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के मार्गदर्शन में कर्नाटक में सत्ता का सुचारू हस्तांतरण हुआ है। उन्होंने कहा, ''कर्नाटक में शिवकुमार के नेतृत्व में कांग्रेस 2028 के विधानसभा चुनाव में सिद्धरमैया के समर्थन के साथ एक बार फिर सत्ता में वापसी करेगी।'
ये भी पढ़ेंः आर्मी चीफ उपेंद्र द्विवेदी बोले- 'सेना जरूरत पड़ने पर ऑपरेशन सिंदूर 2.0 के लिए तैयार', अभी केवल संघर्ष विराम
वक्फ बोर्ड के वकील को स्कॉर्पियो से कुचलवाया था, कांग्रेस ने अपने 2 नेताओं को पार्टी से किया सस्पेंड