1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. चार राज्यों की 5 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का ऐलान, चुनाव आयोग ने जारी किया पूरा शेड्यूल

चार राज्यों की 5 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का ऐलान, चुनाव आयोग ने जारी किया पूरा शेड्यूल

 Edited By: Amar Deep
 Published : May 25, 2025 09:38 am IST,  Updated : May 25, 2025 10:20 am IST

देश के चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा हो गई है। इसमें गुजरात की दो सीटों पर जबकि पंजाब, पश्चिम बंगाल और केरल की एक-एक सीट पर उपचुनाव होना है।

पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा।- India TV Hindi
पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा। Image Source : FILE

नई दिल्ली: देश के चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा हो गई है। चुनाव आयोग ने नॉटिफिकेशन जारी कर इसकी जानकारी दी है। भारत निर्वाचन आयोग ने गुजरात, केरल, पंजाब और पश्चिम बंगाल की 5 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तारीख का भी ऐलान कर दिया है। इन सभी पांच सीटों पर 19 जून को मतदान होगा। वहीं मतों की गणना 23 जून को की जाएगी। 

इन पांच सीटों पर उपचुनाव

बता दें कि गुजरात की दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है। यहां की कडी सीट पर विधायक करसनभाई पंजाबभाई सोलंकी की मृत्यु के बाद उपचुनाव कराया जा रहा है। इसके अलावा राज्य की विसावदर सीट पर भी भयानी भूपेंद्रभाई गंडूभाई के इस्तीफे के कारण उपुचनाव कराया जा रहा है। वहीं अन्य राज्यों की बात करें तो केरल की नीलांबुर सीट पर पी वी अनवर के इस्तीफे के बाद उपचुनाव कराया जा रहा है। वहीं पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर मौजूदा सदस्य गुरप्रीत बस्सी गोगी की मृत्यु के कारण उपचुनाव होना है। पश्चिम बंगाल की कालीगंज विधानसभा सीट पर मौजूदा विधानसभा सदस्य नसीरुद्दीन अहमद की मृत्यु के कारण उपचुनाव जरूरी हो गया है।

गुजरात में अकेले चुनाव लड़ेगी कांग्रेस

वहीं उपचुनाव की घोषणा से पहले ही गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल ने घोषणा कर दी थी कि पार्टी अपने इंडिया ब्लॉक सहयोगी आम आदमी पार्टी (आप) के साथ साझेदारी किए बिना विसावदर और कडी विधानसभा सीटों पर स्वतंत्र रूप से उपचुनाव लड़ेगी। गोहिल ने स्पष्ट किया कि राज्य में पिछले चुनावी रुझानों का विश्लेषण करने के बाद सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया था। उन्होंने कहा, "गुजरातियों ने कभी तीसरे मोर्चे के लिए वोट नहीं किया है। यहां या तो कांग्रेस है या भाजपा।" 

लुधियाना पश्चिम सीट पर कांग्रेस-आप में टक्कर

वहीं कांग्रेस पार्टी ने पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर उपचुनाव के लिए भारत भूषण आशु को उम्मीदवार घोषित किया था। उपचुनाव लड़ने के लिए उनकी उम्मीदवारी को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंजूरी दी थी। एआईसीसी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, "कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 64-लुधियाना पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र से पंजाब विधानसभा के आगामी उपचुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार के रूप में भारत भूषण आशु की उम्मीदवारी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।" वहीं 26 फरवरी को आम आदमी पार्टी ने इस सीट पर उपचुनाव के लिए राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को अपना उम्मीदवार बनाया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत