1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Exit Poll Results: 4 राज्यों में इस बार कौन मार सकता है बाजी? जानें क्या कहता है एग्जिट पोल

Exit Poll Results: 4 राज्यों में इस बार कौन मार सकता है बाजी? जानें क्या कहता है एग्जिट पोल

 Updated : Apr 29, 2026 08:30 pm IST

Assembly Elections Exit Poll Live: पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और असम के आज एग्जिट पोल के नतीजे आ गए हैं। इन सर्वे में मतदाताओं की राय के आधार पर संभावित परिणामों का अनुमान लगाया जाता है।

exit poll 2026, assembly elections India, West Bengal election exit poll- India TV Hindi
पांचों राज्यों के विधानसभा चुनावों में इस बार रिकॉर्डतोड़ वोटिंग हुई है। Image Source : PTI

Assembly Elections Exit Poll Live: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण का मतदान खत्म होने के बाद आज एग्जिट पोल के नतीजे भी आ गए हैं। बता दें कि इस बार पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुदुचेरी में इस बार रिकॉर्ड मतदान हुआ है। आज शाम पश्चिम बंगाल में जैसे ही दूसरे चरण के मतदान का समापन हुआ, एग्जिट पोल में अलग-अलग सूबों की तस्वीर सामने आने लगी। बता दें कि एग्जिट पोल मतदान के तुरंत बाद कराया गया सर्वे होता है जिसमें मतदाताओं से पूछा जाता है कि उन्होंने किसे वोट दिया और इसी आधार पर संभावित नतीजों का अनुमान लगाया जाता है।

आज के एग्जिट पोल में पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और असम में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजों का अनुमान लगाने की कोशिश की गई है। एग्जिट पोल के अनुमानों के मुातबिक, पश्चिम बंगाल और असम में जहां बीजेपी की सरकार बन सकती है वही केरल में कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनने के चांस हैं। तमिलनाडु की बात करें तो यहां स्टालिन वापसी करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि चुनावों के असली नतीजे 4 मई को आएंगे। इस बार के विधानसभा चुनावों में सबसे ज्यादा नजरें पश्चिम बंगाल में हो रहे इलेक्शन पर है जहां ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी में कांटे की टक्कर मानी जा रही है। वहीं, तमिलनाडु में DMK गठबंधन, NDA के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है। असम और केरल में भी दिलचस्प चुनावी नतीजे आने की उम्मीद जताई जा रही है।

पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और असम के एग्जिट पोल के सटीक आंकड़े जानने के लिए हमारे साथ बने रहें:

Assembly Elections Exit Poll Live

Auto Refresh
Refresh
  • 7:35 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    बीजेपी कैंडिडेट ने कहा, 'हम बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे'

    पश्चिम बंगाल के बारानगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सजल घोष ने कहा, 'हम बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे, भाजपा की सरकार बनेगी। पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार बनेगी, यह पश्चिम बंगाल के लोगों की सरकार होगी।'

  • 7:30 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    एग्जिट पोल पर TMC कैंडिडेट ने कहा, 'इन सबका जवाब 4 मई को दिखेगा'

    पश्चिम बंगाल की मंत्री और श्यामपुकुर विधानसभा क्षेत्र से TMC उम्मीदवार शशि पांजा ने कहा, '4 तारीख तक इंतजार करिए, जिस तरह से चुनाव हुए, जिस तरह लोगों की भावनाओं को उछाला गया और जिस तरह आज चुनाव के दिन जो लोगों ने वोट दिया, उनके साथ जिस तरह सेंट्रल फोर्स ने व्यवहार किया उसकी जिम्मेदारी ECI, केंद्र सरकार को लेनी होगी। बहुत लोगों को आपने वोट देने से वंचित किया। इन सबका जवाब 4 मई को दिखेगा। हमने पहले भी ऐसा एग्जिट पोल देखा है, जब वे TMC को डूबा रहे थे लेकिन TMC जब उभरती हुई बाहर आई तो क्या किसी ने माफी मांगी? यह सब चलता रहता है, भाजपा हारेगी।'

  • 7:27 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    भाजपा को आम आदमी ने वोट नहीं दिया है: देबब्रत सैकिया

    असम के नाज़िरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार देबब्रत सैकिया ने कहा, 'मैं एग्जिट पोल पर ध्यान नहीं रखता लेकिन मुझे यह पता है कि इस बार भाजपा को आम आदमी ने वोट नहीं दिया है। चुनाव मुद्दों पर लड़ा जाता है, भाजपा ने हमें 10 साल का विज़न दस्तावेज दिया था उसमें जो वादे थे उसमें से कोई वादा उन्होंने नहीं निभाया। अच्छे दिन की जगह बुरे दिन आ गए। महंगाई की मार है। बेरोजगारी के लिए उन्होंने कुछ नहीं किया और जो भ्रष्टाचार मुक्त सरकार का वादा था, उसका भी कुछ नहीं हुआ। पहले से ज्यादा भ्रष्टाचार है। मुख्यमंत्री ने खुद कहा था कि अप्रैल तक ज़ुबीन गर्ग को न्याय मिलेगा, वे यह भी नहीं कर पाए। असम के लोगों के पास ऐसी कोई वजह नहीं है जिससे वे दोबारा भाजपा को चुनें।'

  • 7:23 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    ज्यादातर एग्जिट पोल निराधार हैं: कुणाल घोष

    पश्चिम बंगाल में बेलेघाटा से TMC उम्मीदवार कुणाल घोष ने कहा, 'ज्यादातर एग्जिट पोल निराधार हैं, आप उनका पिछली बार का रिकॉर्ड देखिए, उन्होंने 2021 में क्या कहा था और क्या हुआ, जमीनी हकीकत और इसमें बहुत अंतर है। जो TMC की जीत दिखा रहे हैं उसका अर्थ है कि उनका सर्वे ठीक है। हमें 235 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। भाजपा को 50 सीटें भी नहीं मिलेगी।'

  • 7:19 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    बंगाल में पहली बार बन सकती है बीजेपी सरकार

    MATRIZE के एग्जिट पोल के नतीजों की बात करें तो पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। अनुमान के मुताबिक, BJP को 146 से 161 सीटें मिलने की संभावना है, जबकि TMC+ को 125 से 140 सीटें मिल सकती हैं। वहीं अन्य दलों को 6 से 10 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। इस तरह देखा जाए तो पश्चिम बंगाल में पहली बार बीजेपी सरकार बन सकती है।

  • 7:10 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    बर्धमान-बीरभूम में हो सकती है कांटे की टक्कर

    MATRIZE एग्जिट पोल के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में बर्धमान-बीरभूम की 57 सीटों पर मुकाबला बेहद करीबी है। एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक, बर्धमान-बीरभूम की 57 सीटों में से TMC+ को 26 से 32 सीटें मिलने की संभावना है, जबकि BJP को 25 से 30 सीटें मिल सकती हैं। वहीं अन्य दलों को 0 से 2 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।

  • 7:09 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    नॉर्थ बंगाल में बीजेपी को बड़ी बढ़त: MATRIZE EXIT POLL

    MATRIZE एग्जिट पोल के मुताबिक, नॉर्थ बंगाल की 54 सीटों पर मुकाबला भाजपा के पक्ष में झुकता दिखाई दे रहा है। एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक, BJP को 30 से 33 सीटें मिलने की संभावना है, जबकि TMC+ को 15 से 18 सीटें मिल सकती हैं। इसके अलावा अन्य दलों को 4 से 7 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।

     

  • 7:07 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    EXIT POLL में बंगाल के पुरुषों की पहली पसंद बीजेपी

    MATRIZE एग्जिट पोल के मुताबिक, पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर पुरुष मतदाताओं की पहली पसंद BJP हो सकती है। एग्जिट पोल के आंकड़ों की मानें तो पुरुष वोटरों के द्वारा BJP को 44% समर्थन मिलने का अनुमान है, जबकि TMC+ को 40% वोट मिल सकते हैं। वहीं अन्य दलों को 16% पुरुष वोट मिलने की संभावना जताई गई है।

  • 7:05 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    बंगाल की महिलाओं की पहली पसंद कौन?

    MATRIZE एग्जिट पोल के मुताबिक, पश्चिम बंगाल की 294 सीटों में महिला वोटरों के रुझान में TMC+ को बढ़त मिलती दिख रही है। एग्जिट पोल के आंकड़ों के मुताबिक, TMC+ को 44% महिला वोट मिलने का अनुमान है, जबकि BJP को 41% और अन्य दलों को 15% महिला वोट मिल सकते हैं। यह संकेत देता है कि महिला मतदाताओं के बीच मुकाबला काफी करीबी है, लेकिन TMC+ को थोड़ी बढ़त हासिल हो सकती है।

  • 7:03 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    बंगाल में वोट प्रतिशत में बीजेपी आगे

    MATRIZE एग्जिट पोल के मुताबिक, पश्चिम बंगाल की 294 सीटों वाली विधानसभा में वोट शेयर के मामले में BJP को 42.5% मत मिलने का अनुमान है, जो उसे मामूली बढ़त देता है। वहीं TMC+ को 40.8% वोट मिलने की संभावना जताई गई है, जिससे दोनों प्रमुख दलों के बीच कड़ा मुकाबला दिख रहा है। इसके अलावा अन्य दलों को 16.7% वोट मिल सकते हैं। ये आंकड़े बताते हैं कि राज्य में मुकाबला बेहद करीबी है और वोट प्रतिशत का छोटा अंतर भी अंतिम परिणाम को काफी प्रभावित कर सकता है।

     

  • 6:53 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    केरल में एक-एक वोट के लिए कड़ी टक्कर

    MATRIZE एग्जिट पोल के अनुसार केरल की 140 सीटों वाली विधानसभा में वोट शेयर के आधार पर कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। अनुमान के मुताबिक UDF को 41.7% वोट मिलने की संभावना है, जो इसे मामूली बढ़त देता है। वहीं LDF को 39.5% वोट मिल सकते हैं, जिससे दोनों प्रमुख गठबंधनों के बीच सीधी टक्कर बनी हुई है। BJP+ को 13.4% वोट और अन्य दलों को 5.4% वोट मिलने का अनुमान है।

     

  • 6:52 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    केरल में इस बार कांग्रेस गठबंधन मार सकता है बाजी!

    MATRIZE एग्जिट पोल के मुताबिक, केरल की 140 सीटों वाली विधानसभा में कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। अनुमान के मुताबिक, LDF को 60 से 65 सीटें मिलने की संभावना है, जबकि UDF को 70 से 75 सीटें मिल सकती हैं और वह बहुमत के करीब या उससे ऊपर भी जा सकता है। दूसरी ओर BJP गठबंधन को 3 से 5 सीटें और अन्य को 2 से 4 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। ये आंकड़े बताते हैं कि केरल में मुकाबला बेहद करीबी हो सकता है।

  • 6:45 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    तमिलनाडु में क्या रह सकता है वोट प्रतिशत?

    तमिलनाडु की 234 सीटों को लेकर MATERIZE एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक, वोट शेयर में DMK+ गठबंधन को 40.3% वोट मिलने का अनुमान है। वहीं NDA को 37.1% वोट, TVK को 17.5% वोट और अन्य दलों को 5.1% वोट मिलने की संभावना जताई गई है।

  • 6:43 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    तमिलनाडु का भी एग्जिट पोल आया सामने

    MATRIZE की ओर से जारी एग्जिट पोल के अनुसार, तमिलनाडु की 234 सीटों वाली विधानसभा में मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाला DMK+ गठबंधन एक बार फिर सरकार बनाने की स्थिति में दिखाई दे रहा है, हालांकि उसे कड़ी टक्कर भी मिल रही है। अनुमान के मुताबिक DMK+ को 122 से 132 सीटें मिल सकती हैं, जबकि NDA को 87 से 100 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं अभिनेता विजय की पार्टी TVK को 10 से 12 सीटें और अन्य को 0 से 6 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।

  • 6:40 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    क्या कहता है AXIS MY INDIA का असम एग्जिट पोल?

    AXIS MY INDIA के एग्जिट पोल के मुताबिक, असम में बीजेपी को 88-100 सीटें मिल सकती हैं जबकि कांग्रेस को 24-36 सीटें मिल सकती हैं।

  • 6:35 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    असम में कांग्रेस और बीजेपी का वोट प्रतिशत

    MATRIZE के एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक, असम में बीजेपी को 45.5 फीसदी वोट मिल सकते हैं जबकि कांग्रेस के खाते में 39.8 फीसदी वोट जाने की संभावना है। वहीं, अन्य के खाते में 14.7 फीसदी वोट जा सकते हैं। इस तरह देखा जाए तो कांग्रेस और बीजेपी के वोट पर्सेंट में 5 फीसदी से भी ज्यादा का अंतर है।

  • 6:31 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    क्या कहता है असम का एग्जिट पोल? देखें आंकड़े

    MATRIZE के एग्जिट पोल में सबसे पहले असम के आंकड़े सामने आए हैं। एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक, असम में बीजेपी 126 में से 85 से 95 सीटें जीत सकती है जबकि कांग्रेस को 25-32 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, अन्य को 6-12 सीटों पर जीत मिल सकती है। बता दें कि ये एग्जिट पोल के नतीजे हैं, चुनावों के असली नतीजे 4 मई को आएंगे।

  • 6:29 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    थोड़ी ही देर में आने लगेंगे एग्जिट पोल के नतीजे

    अबसे थोड़ी ही देर में एग्जिट पोल के नतीजे आने लगेंगे। MATRIZE के द्वारा किए गए इस एग्जिट पोल के नतीजे एक के बाद एक अलग-अलग राज्यों के सामने आते जाएंगे।

  • 6:26 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    तमिलनाडु में हुई थी 85.10 फीसदी वोटिंग

    तमिलनाडु में 23 अप्रैल को 85.10% मतदान हुआ, जो आज़ादी के बाद सबसे ज्यादा है। 234 सीटों वाली विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है। चुनाव आयोग के अनुसार, चेन्नई जिले में कुल मतदान 83.68% रहा। पेरंबूर में सबसे ज्यादा 2.03 लाख वोट पड़े (89.74%), जबकि कोलाथुर में 1.82 लाख वोट (86.12%) दर्ज हुए। वोटों की गिनती 4 मई को होगी और उसी दिन नतीजे घोषित किए जाएंगे।

  • 6:19 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    कांग्रेस ने तमिलनाडु में जताया जीत का भरोसा

    तमिलनाडु के कांग्रेस प्रभारी गिरिश चोडणकर ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि उनका गठबंधन सरकार बनाएगा और इतिहास दोहराएगा। उन्होंने बताया कि करीब 21 राजनीतिक दल एक साथ आए और मिलकर जोरदार चुनाव प्रचार किया। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा द्वारा संसद में किए गए परिसीमन से जुड़ी राजनीति का फायदा उनके गठबंधन को मिला है। उनके अनुसार, DMK के वोट मजबूत हुए हैं और AIADMK सहित अन्य दलों के वोट भी उनके गठबंधन की तरफ आए हैं, जिससे जीत तय जैसी स्थिति बन गई है।

  • 6:12 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    मदन मित्रा ने कहा- 200 से ज्यादा सीटें जीत सकती है TMC

    कमारहाटी विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार मदन मित्रा ने पार्टी की बड़ी जीत को लेकर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी पार्टी जीतती है, तो इसका पूरा श्रेय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी को जाएगा, जिन्होंने मुश्किल हालात में भी मजबूती से काम किया। मदन मित्रा ने यह भी दावा किया कि TMC लगभग 200 से ज्यादा सीटें जीत सकती है।

  • 6:04 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    बीजेपी अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है: मिताली बाग

    अरामबाग से TMC सांसद मिताली बाग ने भारतीय जनता पार्टी की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा अब 'अपने अंतिम चरण' में पहुंच गई है, इसलिए वह पश्चिम बंगाल में लोगों पर हमले करवा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह डरे हुए हैं और चुनाव आयोग राज्य में एक एजेंट की तरह काम कर रहा है।

  • 5:57 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    एग्जिट पोल से पहले ममता ने जताया दो-तिहाई बहुमत का भरोसा

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और भवानीपुर से TMC उम्मीदवार ममता बनर्जी ने कहा है कि उनकी पार्टी को मिली जानकारी के अनुसार भाजपा बंगाल में हार रही है। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी।

  • 5:50 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    4 मई को आएंगे विधानसभा चुनावों के नतीजे

    आज विधानसभा चुनावों के लिए वोटिंग खत्म होते ही एग्जिट पोल के नतीजे आ जाएंगे। वहीं, पांचों राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे 4 मई को आएंगे। 

  • 5:41 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    पश्चिम बंगाल चुनावों में क्या रहे हैं प्रमुख मुद्दे?

    पश्चिम बंगाल के चुनावों में SIR और घुसपैठ दो सबसे बड़े मुद्दों के रूप में देखे जा रहे हैं। साथ ही महिलाओं के वोट और तृणमूल कांग्रेस (TMC) की कल्याणकारी योजनाओं का असर भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके अलावा अल्पसंख्यक वोटों का बंटवारा और लेफ्ट-कांग्रेस गठबंधन को मिलने वाले संभावित वोट भी नतीजों को प्रभावित कर सकते हैं।

  • 5:32 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    अलग-अलग एजेंसियों के एग्जिट पोल के नतीजे अलग क्यों आते हैं?

    अलग-अलग एजेंसियों के एग्जिट पोल इसलिए अलग आते हैं क्योंकि हर एजेंसी की प्रक्रिया एक जैसी नहीं होती। वे अलग-अलग मतदान केंद्र चुनते हैं, अलग-अलग संख्या में लोगों से पूछताछ करते हैं और सवाल पूछने का तरीका भी अलग हो सकता है। इसके अलावा, कुछ लोग जवाब नहीं देते तो उसे कैसे गिना जाए, यह भी हर एजेंसी अलग तरीके से तय करती है। वोटों को सीटों में बदलने का मॉडल भी अलग होता है। इन्हीं वजहों से एक ही चुनाव के लिए अलग-अलग एजेंसियों के अनुमान अलग-अलग दिखाई देते हैं।

  • 5:24 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    तमिलनाडु में 23 अप्रैल को हुआ था रिकॉर्ड मतदान

    तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान हुआ और राज्य में 85.10% वोटिंग दर्ज की गई, जो एक रिकॉर्ड है। तमिलनाडु विधानसभा में कुल 234 सीटें हैं। इस राज्य में सरकार बनाने के लिए कम से कम 118 सीटों की जरूरत होती है।

  • 5:20 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    एग्जिट पोल मतदान खत्म होने के पहले क्यों नहीं जारी होते?

    एग्जिट पोल (exit poll) को मतदान खत्म होने से पहले इसलिए जारी नहीं किया जाता ताकि चुनाव निष्पक्ष रह सके। अगर शुरुआती नतीजे या अनुमान पहले ही सामने आ जाएंगे, तो इससे वोटरों का मन बदल सकता है, खासकर उन चुनावों में जो कई चरणों में होते हैं। इसी कारण जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 126A के तहत एग्जिट पोल को मतदान अवधि के दौरान प्रकाशित या प्रसारित करना मना है। यह नियम चुनाव आयोग द्वारा लागू किया जाता है। चुनाव आयोग के अनुसार, एग्जिट पोल केवल मतदान खत्म होने के बाद ही जारी किए जा सकते हैं, यानी आज शाम 6:30 बजे के बाद आप विभिन्न राज्यों के एग्जिट पोल देख सकते हैं।

  • 5:11 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    2021 में पुदुचेरी में चला था NDA का सिक्का

    2021 में हुए पुदुचेरी विधानसभा चुनावों में NDA ने बहुमत हासिल किया था और सरकार बनाई थी। 30 सीटों वाली विधानसभा में NDA ने 16 सीटें जीतीं, जिसमें ऑल इंडिया NR कांग्रेस (AINRC) ने 10 सीटें और भाजपा ने 6 सीटें जीतीं। वहीं, कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन (SDA/UPA) 9 सीटों पर सिमट गया, जबकि बाकी सीटें निर्दलीयों और अन्य दलों को मिलीं। इन चुनावों के बाद एन. रंगासामी सूबे के मुख्यमंत्री बने।

  • 5:05 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    केरल में 2021 में बनी थी LDF की सरकार

    केरल विधानसभा चुनाव 2021 में लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) ने 140 में से 99 सीटें जीती थीं और लगातार दूसरी बार सत्ता में आई थी। वहीं, यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट यानी कि UDF को 41 सीटें मिलीं, जबकि NDA एक भी सीट नहीं जीत सका। यह ऐतिहासिक जीत थी क्योंकि केरल में लंबे समय बाद केरल में किसी सरकार ने लगातार दो बार सत्ता बरकरार रखी और पिनारायी विजयन दोबारा मुख्यमंत्री बने।

  • 5:02 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    2021 में असम में लहराया था बीजेपी का परचम

    2021 में हुए असम विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले NDA ने लगातार दूसरी बार सरकार बनाई थी। कुल 126 सीटों में से NDA ने 75 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन को 50 सीटें मिली थीं। इन चुनावों में BJP अकेले 60 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी। कांग्रेस को सिर्फ 29 सीटों पर जीत मिल पाई थी। इन चुनावों के बाद हिमंता विश्व शर्मा असम के मुख्यमंत्री बने थे।

  • 4:59 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    तमिलनाडु में 2021 में DMK ने लहराया था परचम

    2021 में तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2021 के नतीजों में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के नेतृत्व वाले गठबंधन ने बड़ी जीत हासिल की थी। DMK ने इन चुनावों में अकेले 133 सीटें जीती थीं, जबकि उसके सहयोगियों के साथ गठबंधन को कुल 159 सीटें मिलीं, जो बहुमत के 118 के आंकड़े से काफी ज्यादा था। वहीं, ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) के नेतृत्व वाले गठबंधन को केवल 75 सीटें मिलीं। इस जीत के साथ एम.के. स्टालिन मुख्यमंत्री बने और राज्य में सत्ता परिवर्तन हुआ।

  • 4:57 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    2021 में ममता बनर्जी की पार्टी ने जीता था बंगाल

    2021 में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2021 के नतीजों में तृणमूल कांग्रेस ने शानदार जीत हासिल की। ममता बनर्जी के नेतृत्व में पार्टी ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाई थी। वहीं, भारतीय जनता पार्टी 77 सीटों के साथ मुख्य विपक्षी पार्टी बनी थी। कांग्रेस और वाम दलों का प्रदर्शन इन चुनावों में बेहद कमजोर रहा था।

  • 4:52 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    ममता बनर्जी ने जताया जीत का भरोसा

    भवानीपुर से TMC उम्मीदवार और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने अपनी पार्टी की जीत का भरोसा जताया। बता दें कि पश्चिम बंगाल विधासनभा चुनावों के दूसरे चरण की वोटिंग के बाद ही सभी राज्यों के एग्जिट पोल के नतीजे दिखाए जाएंगे।

  • 4:47 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    तमिलनाडु चुनाव में थलापति विजय भी हैं अहम फैक्टर

    तमिलनाडु में इस बार थलापति विजय ने भी चुनावी राजनीति में कदम रखा है। उनकी पार्टी तमिऴगा वेत्रि कड़गम (TVK) ने पहली बार चुनाव लड़ते हुए सभी 234 सीटों पर अकेले उम्मीदवार उतारे हैं। विजय खुद दो सीटों, पेरंबूर और तिरुचिरापल्ली (पूर्व) से चुनाव मैदान में हैं। वहीं, सीमैन के नेतृत्व वाली नाम तमिलर काची (NTK) ने भी अपनी परंपरा जारी रखते हुए सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ा है। यह पार्टी तमिल राष्ट्रवाद के मुद्दे पर चुनाव लड़ती है।

  • 4:42 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    DMK के नेतृत्व वाले गठबंधन में कौन-कौन शामिल?

    तमिलनाडु में डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन में कांग्रेस और DMDK समेत कई दलों की हिस्सेदारी है। इस गठबंधन में शामिल प्रमुख पार्टियां हैं:

    1. द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK)
    2. कांग्रेस (Congress)
    3. देसिया मुरपोक्कु द्रविड़ कड़गम (DMDK)
    4. विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK)
    5. भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) [CPI(M)]
    6. भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI)
    7. इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML)
    8. मरुमलार्ची द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (MDMK)

    ये सभी दल मिलकर इस बार तमिलनाडु का विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

  • 4:35 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    तमिलनाडु में एनडीए में शामिल हैं ये पार्टियां

    तमिलनाडु में एनडीए में कई पार्टियां शामिल हैं। इस गठबंधन में ये प्रमुख दल हैं:

    1. ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK)
    2. भारतीय जनता पार्टी (BJP)
    3. पट्टाली मक्कल काची (PMK)
    4. अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम (AMMK)
    5. तमिझगा मक्कल मुनेत्र कड़गम (TMMK)
    6. साउथ इंडियन फॉरवर्ड ब्लॉक (SIFB)
    7. तमिल मानिला कांग्रेस (मूपनार)
    8. इंधिया जननायगा काची (IJK)
    9. पुरच्ची भारतम काची (PBK)
    10. पुथिया नीधि काची (PNK)

    ये सभी पार्टियां मिलकर तमिलनाडु में एनडीए गठबंधन बनाती हैं और चुनाव साथ मिलकर लड़ती हैं।

  • 4:25 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    पांच राज्यों में कब हुई थी वोटिंग?

    केरल, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान हुआ। तमिलनाडु में भी 23 अप्रैल को एक ही चरण में वोट डाले गए। वहीं, पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं जिनमें पहला चरण 23 अप्रैल को पूरा हो चुका है, और दूसरा चरण आज बुधवार को चल रहा है।

  • 4:18 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    पांचों राज्यों में हुआ है रिकॉर्डतोड़ मतदान

    पांचों राज्यों के विधानसभा चुनावों में इस बार रिकॉर्ड मतदान हुआ है। ऐसे में माना जा रहा है कि नतीजे काफी दिलचस्प हो सकते हैं। पश्चिम बंगाल चुनावों के पहले फेज में तो आजादी के बाद किसी भी राज्य में अब तक के सबसे ज्यादा मतदान का रिकॉर्ड बना है।

  • 4:08 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    आज आएंगे 5 राज्यों के एग्जिट पोल के नतीजे

    पश्चिम बंगाल की 142 विधानसभा सीटों पर आज मतदान खत्म होने के बाद एग्जिट पोल के नतीजे जारी किए जाएंगे। इस बार 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए हैं, जिनके एग्जिट पोल के नतीजे आज आपके सामने आएंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत