1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. उत्तराखंड के होटल में पहुंचे हिमाचल प्रदेश के 11 बागी विधायक, सीएम सुक्खू ने भाजपा पर साधा निशाना

उत्तराखंड के होटल में पहुंचे हिमाचल प्रदेश के 11 बागी विधायक, सीएम सुक्खू ने भाजपा पर साधा निशाना

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Mar 10, 2024 06:31 am IST,  Updated : Mar 10, 2024 06:31 am IST

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के 11 विधायक अब उत्तराखंड के एक होटल में पहुंच गए हैं। सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर राजनीतिक संकट अभी खत्म नहीं हुआ है। इस बीच सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा पर फिर हमला किया है।

Himachal Pradesh 11 rebel MLAs reached Uttarakhand CM Sukhvinder Singh Sukhu again attacked BJP- India TV Hindi
हिमाचल प्रदेश के 11 बागी विधायक पहुंचे उत्तराखंड Image Source : FILE PHOTO

राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक मनु सिंघवी के खिलाफ मतदान करने वाले हिमाचल प्रदेश में पार्टी के छह विधायक तीन निर्दलीय विधायकों के साथ उत्तराखंड पहुंचे और उन्हें एक होटल में ठहराया गया है। इस बीच, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधायकों पर पलटवार करते हुए इसे भाजपा की ‘‘साजिश’’ करार दिया। बागी विधायकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हिमाचल प्रदेश इकाई के दो विधायक विक्रम ठाकुर और त्रिलोक जमवाल भी मौजूद हैं। ये सभी विधायक शुक्रवार देर रात एक चार्टर्ड उड़ान से हरियाणा के पंचकुला से ऋषिकेश पहुंचे और होटल ताज में ठहरे। कांग्रेस विधायक सुधीर शर्मा, राजिंदर राणा, इंदर दत्त लखनपाल, देविंदर कुमार भुट्टू, रवींद्र ठाकुर और चैतन्य शर्मा को राज्य के बजट पर पार्टी व्हिप का उल्लंघन करने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया है। 

Related Stories

बागी विधायकों ने खटखटाया कोर्ट का दरवाजा

बागी विधायकों ने मामले में राहत के लिए उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। कांग्रेस के बागी विधायकों के साथ-साथ तीन निर्दलीय विधायक - होशियार सिंह, केएल ठाकुर और आशीष शर्मा भी हैं। होटल के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और वहां पहले से बुकिंग कराने वाले व्यक्तियों के अलावा अन्य को प्रवेश की इजाजत नहीं दी जा रही है। कांग्रेस हिमाचल में स्थिति को संभालने में जुटी है और राज्य के वरिष्ठ मंत्रियों के साथ बातचीत की जा रही है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में वर्तमान में कांग्रेस के 34 और भाजपा के 25 विधायक हैं। तीन निर्दलीय विधायकों ने भी राज्यसभा चुनाव में भाजपा का साथ दिया था। वहीं, विधायकों के हरियाणा से उत्तराखंड जाने पर सुक्खू ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और आरोप लगाया कि विधायकों को इस तरह एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा है, जैसे चरवाहा भेड़ों को हांकता है। 

सीएम सुक्खू ने साधा निशाना

मंडी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सुक्खू ने कहा कि भाजपा उन छह अयोग्य कांग्रेस विधायकों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर भेज रही है, जिन्होंने पार्टी को धोखा दिया है। उन्होंने भरोसा जताया कि उनकी सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी। इस बीच, केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने हरिद्वार में संवाददाताओं से कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार जल्द ही गिर जाएगी। वर्मा ने कहा, '' हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार अंदरूनी कलह से जूझ रही है। इस अंतर्कलह के कारण यह ज्यादा समय तक नहीं टिकेगी।'' उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के कार्यों ने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का सफाया कर दिया और लोकसभा चुनाव के बाद पूरे देश से पार्टी का सफाया हो जाएगा। 

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत