1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. सुखविंदर सिंह सुक्खू होंगे हिमाचल प्रदेश के अगले सीएम, मुकेश अग्निहोत्री डिप्टी सीएम

सुखविंदर सिंह सुक्खू होंगे हिमाचल प्रदेश के अगले सीएम, मुकेश अग्निहोत्री डिप्टी सीएम

 Reported By: Abhay Parashar,  Vijai Laxmi Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Dec 10, 2022 04:44 pm IST,  Updated : Dec 10, 2022 06:53 pm IST

कांग्रेस ने विधायक दल की बैठक के बाद राज्य के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम का ऐलान कर दिया है, जबकि मुकेश अग्निहोत्री को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है।

Himachal Pradesh CM, Himachal Pradesh Sukhvinder Singh Sukhu, Pratibha Singh- India TV Hindi
सुखविंदर सिंह सुक्खू। Image Source : PTI

नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश की सियासत में पिछले कुछ घंटों से उठा बवंडर अब थमने के आसार नजर आने लगे हैं। कांग्रेस ने विधायक दल की बैठक के बाद राज्य के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम का ऐलान कर दिया है, जबकि मुकेश अग्निहोत्री को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। सुखविंदर सिंह सुक्खू 2003 में हमीरपुर जिले में पड़ने वाली नादौन विधानसभा सीट से चुनकर पहली बार विधानसभा पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने इस सीट से 2007, 2017 और अब 2022 के विधानसभा चुनावों में भी जीत दर्ज की है।

2003 में पहली बार विधायक बने थे अग्निहोत्री

विधायक दल की बैठक के बाद डिप्टी सीएम के तौर पर मुकेश अग्निहोत्री के नाम का ऐलान किया है। मुकेश अग्निहोत्री 2003 में हमीरपुर जिले में पड़ने वाली हरोली विधानसभा सीट से चुनकर पहली बार विधानसभा पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने इस सीट से 2007, 2012, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में भी जीत दर्ज की है। इस तरह लगातार 5 बार विधानसभा में पहुंचने के बाद अब मुकेश अग्निहोत्री राज्य के उपमुख्यमंत्री भी बन गए हैं।

Himachal Pradesh CM, Himachal Pradesh Sukhvinder Singh Sukhu, Mukesh Agnihotri
Image Source : FILEमुकेश अग्निहोत्री हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बनेेंगे।

पेशे से ड्राइवर थे सुखविंदर के पिता
सुखविंदर सिंह सुक्खू के सियासी सफर की बात करें तो वह 1988 से 1997 तक NSUI के प्रदेश अध्यक्ष रहे। इसके बाद 1997 से 2007 तक युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। सुक्खू को जनवरी 2013 में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष चुना गया था और इस पद पर वह मार्च 2018 तक बने रहे। सुक्खू 1993 से 1998 तक शिमला नगर निगम में पार्षद भी रहे थे। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ घंटों से सियासी तूफान मचा हुआ था। सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रतिभा सिंह के धड़े के विधायक अपने-अपने नेताओं की दावेदरी ठोक रहे थे।

Himachal Pradesh CM, Himachal Pradesh Sukhvinder Singh Sukhu, Pratibha Singh
Image Source : FILEसुखविंदर सिंह सुक्खू 2003 में पहली बार विधानसभा पहुंचे थे।

सुक्खू के समर्थन में हैं 22 विधायक
हिमाचल के अगले सीएम के रूप में सुक्खू की दावेदारी इसलिए भी मजबूत रही क्योंकि उनके समर्थन में 40 में से 22 विधायक बताए जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, यही वजह है कि कांग्रेस आलाकमान ने उनके नाम पर मुहर लगा दी है। वहीं, प्रतिभा सिंह के खेमे को संतुष्ट करने के लिए उसके हिस्से कुछ अहम मंत्रालय आ सकते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत