1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. पाकिस्तान में 125 साल पुराना हिंदू मंदिर तोड़ा गया, भारत की कड़ी प्रतिक्रिया-दोषियों पर कार्रवाई करें

पाकिस्तान में 125 साल पुराना हिंदू मंदिर तोड़ा गया, भारत की कड़ी प्रतिक्रिया-दोषियों पर कार्रवाई करें

 Written By: Kajal Kumari
 Published : Sep 02, 2026 10:49 pm IST,  Updated : Sep 02, 2026 11:03 pm IST

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में सौ साल पुराने हिंदू मंदिर तोड़े जाने पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भारत के विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान सरकार से मांग की है कि तुरंत दोषियों पर कार्रवाई करें।

पाकिस्तान में तोड़ा गया मंदिर- India TV Hindi
पाकिस्तान में तोड़ा गया मंदिर

Highlights

  • पंजाब में पुराना हिंदू मंदिर तोड़ा गया
  • भारत के विदेश मंत्रालय ने जताई आपत्ति
  • पाकिस्तान सरकार से तुरंत कार्रवाई की मांग

भारत ने बुधवार को पाकिस्तान के पंजाब में 125 साल से अधिक पुराने हिंदू मंदिर को तोड़े जाने की खबरों की निंदा की और पाकिस्तान की शहबाज सरकार से इस घटना की जांच करने और दोषियों को जवाबदेह ठहराने को कहा है। इस खबर पर भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा,  "हमने पाकिस्तान के नारोवाल ज़िले के सिराज गांव में एक ऐतिहासिक हिंदू मंदिर को तोड़े जाने की परेशान करने वाली खबरों पर गहरी चिंता जताई है। हम अल्पसंख्यकों के पूजा-स्थल, जो एक सदी से भी पुराना था, के साथ की गई इस निंदनीय तोड़-फोड़ की कड़ी निंदा करते हैं। पाकिस्तान सरकार को अपवित्र किए गए मंदिर को बहाल करने और अपनी मुख्य ज़िम्मेदारी को पूरा करने के लिए तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने चाहिए।


भारत ने पाकिस्तान पर दिखाया सख्त रुख
भारत ने अपने बयान में कहा, अधिकारियों की साफ़ तौर पर दिख रही उदासीनता और इस सदी पुराने मंदिर की सुरक्षा न कर पाना चिंताजनक है। ऐसी घटनाएं इस बात की साफ़ याद दिलाती हैं कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय लगातार असुरक्षित हैं और उनके धार्मिक अधिकारों और पूजा-स्थलों का गंभीर उल्लंघन हो रहा है। हम पाकिस्तान सरकार से मांग करते हैं कि वह इस घटना की तुरंत और पारदर्शी जांच करे और दोषियों को पूरी तरह से जवाबदेह ठहराए।

मंदिर गिराए जाने पर पाकिस्तान में भी हुआ विवाद

पाकिस्तानी समाचार आउटलेट 'द डॉन' की एक रिपोर्ट के अनुसार, नारोवाल में मंदिर को गिराए जाने से पाकिस्तान में भी विवाद खड़ा हो गया है। एक अल्पसंख्यक अधिकार समूह का आरोप है कि पास के एक मदरसे के विस्तार के लिए इस ढांचे को जानबूझकर गिराया गया था। हालांकि, इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड (ETPB) का दावा है कि भारी बारिश के कारण मंदिर गिर गया। मंदिर को 21 अगस्त को गिरा दिया गया था।

इसके बाद, अल्पसंख्यकों के अधिकारों के लिए काम करने वाले संगठन 'पाकिस्तान मसीहा मिल्लत पार्टी' (PMMP) ने आरोप लगाया कि लोगों के एक समूह ने ढांचे को गिराया और वहां से ईंटें, गुंबद से धातु की फिटिंग और अन्य सामान हटा दिया। PMMP ने मंदिर गिराने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अधिकारियों से संपर्क भी किया। समूह का कहना है कि मंदिर लगभग 125 साल से भी ज़्यादा पुराना था।

ये भी पढ़ें:
पाकिस्तान ने 100 साल से ज्यादा पुराने मंदिर को ढहाया, जमीन को मदरसे में शामिल करना था

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत