1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. काराकाट से मिली चुनावी हार के बाद उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, 'सबको सब मालूम है'

काराकाट से मिली चुनावी हार के बाद उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, 'सबको सब मालूम है'

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jun 07, 2024 08:44 am IST,  Updated : Jun 07, 2024 09:00 am IST

काराकाट लोकसभा क्षेत्र से बिहार के दिग्गज नेता उपेंद्र कुशवाहा की करारी हार हुई है। चुनावी हार के बाद उपेंद्र कुशवाहा का पहली बार बयान सामने आया है। उन्होंने चुनाव में अपने प्रतिद्वंदी रहे पवन सिंह फैक्टर के सवाल पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।

राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा- India TV Hindi
राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा Image Source : FILE PHOTO-PTI

लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद अब बयानबाजी का दौर चल रहा है। जीते हुए प्रत्याशी खुशी मना रहे हैं, तो वहीं हारे हुए नेताओं का दर्द छलक रहा है। बिहार की काराकाट लोकसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा चुनाव हार गए। वह एनडीए में शामिल होकर इस सीट से चुनाव लड़े थे। काराकाट सीट में मुकाबला त्रिकोणीय होने के चलते बिहार के दिग्गज नेता उपेंद्र कुशवाहा ने ये सीट गंवा दी. चुनाव हारने के बाद अब उनका दर्द छलका है। वह किसी पर कोई सीधा आरोप नहीं लगा रहे हैं।

क्या भीतरघात का शिकार हुए कुशवाहा?

उपेंद्र कुशवाहा से जब मीडिया ने पूछा कि क्या वह काराकाट लोकसभा चुनाव में भीतरघात के शिकार हुए हैं? इस पर उन्होंने कहा कि हम क्या बन गए और क्या नहीं बन गए? ये सभी लोगों को मालूम है। काराकाट में हमारी हार कैसे हुई है? ये क्षेत्र के सभी लोगों को मालूम है। चुनाव में चूक हुई या नहीं यह सभी को पता है। इस बारे में किसी को कुछ बताने की जरूरत नहीं है। 

ये हाई टेक्नोलॉजी का युग- कुशवाहा

जब उनसे पूछा गया कि क्या काराकाट में भोजपुरी स्टार पवन सिंह फैक्टर के चलते वह चुनाव हारे हैं? इस पर उन्होंने जवाब दिया कि वो (पवन सिंह) फैक्टर बने या फैक्टर बनाया गया। यह बात सभी लोग जानते हैं। इस मामले कुछ कहने की जरूरत नहीं है. काराकाट में हुई हार की वजह की बातें दिल्ली में बैठे नेताओं को बताएंगे? इस सवाल के जवाब पर कुशवाहा ने कहा कि कहीं कोई बात कहने की जरूरत नहीं है। सारी चीजों की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में है. ये हाई टेक्नोलॉजी का युग है। इसमें किसी को कुछ बताने की जरूरत नहीं पड़ती है।

काराकाट लोकसभा क्षेत्र का ये रहा चुनावी परिणाम

बता दें कि काराकाट लोकसभा क्षेत्र से INDIA गठबंधन के प्रत्याशी राजाराम सिंह ने जीत दर्ज की है। राजाराम राम सिंह ने सीपीआई माले के सिंबल से चुनाव लड़ा था। उन्हें इस सीट पर 3.80 लाख वोट मिले हैं। दूसरे नंबर पर भोजपुरी फिल्म स्टार पवन सिंह रहे हैं। पवन सिंह को यहां से 2.74 लाख वोट मिले हैं। तीसरे नंबर पर एनडीए के प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा रहे और वह बुरी तरह से चुनाव हार गए। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत