1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कर्नाटक बीजेपी में बड़ा फेरबदल, पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा के बेटे बीवाई विजयेंद्र को बनाया गया प्रदेश अध्यक्ष

कर्नाटक बीजेपी में बड़ा फेरबदल, पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा के बेटे बीवाई विजयेंद्र को बनाया गया प्रदेश अध्यक्ष

 Published : Nov 10, 2023 09:48 pm IST,  Updated : Nov 10, 2023 10:00 pm IST

बीजेपी ने शुक्रवार को कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा के पुत्र विजयेंद्र येदियुरप्पा को कर्नाटक का प्रदेश अध्यक्ष के पद पर ताजपोशी की है। पार्टी आलाकमान ने अपने इस कदम से राज्य की राजनीति और राजनेताओं को कई बड़े संदेश दिए हैं।

 BY Vijayendra Yediyurappa, BS Yediyurappa, Karnataka, Bharatiya Janata Party- India TV Hindi
बीवाई विजयेंद्र को बनाया गया कर्नाटक बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष Image Source : FILE

नई दिल्ली: मई महीने में कर्नाटक में हुए विधानसभा चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय आलाकमान ने बड़ा फैसला लिया है। बीजेपी ने प्रदेश संगठन की जिम्मेदारी बीवाई विजयेंद्र येदियुरप्पा को सौंप दी है। विजयेंद्र राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बेटे हैं और वर्तमान समय में श‍िकारीपुर व‍िधानसभा सीट से व‍िधायक हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण स‍िंह ने उनकी नियुक्ति को लेकर एक आदेश पत्र जारी किया।

तत्काल प्रभाव से की गई नियुक्ति 

बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और बीजेपी मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने कर्नाटक बीजेपी में बदलाव को लेकर संगठनात्मक नियुक्ति पत्र जारी क‍िया। अरुण स‍िंह ने बताया क‍ि बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विजयेंद्र येदियुरप्पा को कर्नाटक बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। वहीं इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी नलिन कुमार कतील संभाल रहे थे। विधानसभा चुनावों में हार के बाद उनकी विदाई तय थी।

पार्टी आलाकमान ने दिए कई संदेश 

वहीं बीजेपी के केंद्रीय आलाकमान ने इस नियुक्ति से राज्य की राजनीति में कई संदेश दिए हैं। पगला संदेश अपनी ही पार्टी के उन नेताओं को दिया है जो राज्य की राजनीति में येदियुरप्पा के प्रभाव को खत्म बता रहे थे। वहीं दूसरा संदेश विपक्षी पार्टियों को दिया है, जो येदियुरप्पा को साइड लाइन करना लिंगायत समुदाय का अपमान बता रहे थे। इसके साथ ही पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भी अपने पत्ते खोल दिए हैं। पार्टी ने साफ़ कर दिया है कि वह राज्य में येदियुरप्पा परिवार से अलग नहीं जा रही है। 

कौन हैं नए अध्यक्ष बीवाई व‍िजयेंद्र

शुक्रवार शाम बीजेपी कर्नाटक के नए अध्यक्ष बनने से पहले व‍िजयेंद्र 2020 से कर्नाटक बीजेपी के उपाध्यक्ष रहे हैं। वह कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बेटे हैं। बीवाई व‍िजयेंद्र का पूरा नाम बुकानाकेरे येदियुरप्पा विजयेंद्र है। उन्होंने पहले भारतीय जनता युवा मोर्चा की कर्नाटक इकाई के महासचिव के रूप में कार्य किया है। वकालत की पढ़ाई करने के बाद उन्‍होंने कुछ समय एक वकील के रूप में काम क‍िया था। वह कर्नाटक की शिकारीपुर व‍िधानसभा सीट से व‍िधायक भी हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत