1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने लिए बीजेपी के मजे, रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए थे पार्टी के विधायक

डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने लिए बीजेपी के मजे, रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए थे पार्टी के विधायक

 Published : Feb 21, 2026 10:56 pm IST,  Updated : Feb 21, 2026 10:59 pm IST

कर्नाटक में लोकायुक्त पुलिस ने शिराहट्टी से बीजेपी विधायक चंद्रू लमानी को 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने तंज कसते हुए बीजेपी की ईमानदारी पर सवाल उठाए और कहा कि इस पार्टी के लोग रिश्वत ले ही नहीं सकते।

Chandru Lamani arrest, Karnataka BJP MLA bribery case, DK Shivakumar reaction- India TV Hindi
कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार। Image Source : PTI

बेंगलुरु: कर्नाटक में लोकायुक्त पुलिस ने शनिवार को बीजेपी के विधायक डॉ. चंद्रू लमानी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। शिराहट्टी विधानसभा क्षेत्र से BJP विधायक चंद्रू लमानी और उनके दो सहयोगियों को गदग जिले के लक्ष्मेश्वर शहर में 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। बीजेपी विधायक की गिरफ्तारी पर मजे लेते हुए कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने एएनआई से कहा कि बीजेपी वाले भ्रष्ट नहीं हो सकते क्यों कि इस पार्टी के नेता सबसे ईमानदार होते हैं। उन्होंने कहा कि लोकायुक्त को शायद गलत सूचना मिली होगी।

विधायक की गिरफ्तारी पर लोकायुक्त पुलिस ने क्या कहा?

लोकायुक्त पुलिस के मुताबिक, एक ठेकेदार विजय पूजार ने शिकायत की थी कि विधायक और उनके साथियों ने माइनर इरिगेशन विभाग से जुड़े कामों (जैसे सड़क के किनारे रिटेनिंग वॉल बनाने) के लिए कुल 11 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। इस शिकायत पर पुलिस ने जाल बिछाया और शनिवार दोपहर करीब 2:15 बजे बालाजी अस्पताल में 5 लाख रुपये की पहली किस्त लेते समय उन्हें पकड़ लिया। लोकायुक्त पुलिस ने इस बारे में केस दर्ज कर लिया है और विधायक एवं उनके साथियों के ऊपर प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट की धारा 7(a) और 7(A) के तहत कार्रवाई की गई है।

'क्या बीजेपी के नेता देश में सबसे ईमानदार नहीं हैं?'

बीजेपी विधायक की गिरफ्तारी पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने तंज कसते हुए कहा, 'क्या बीजेपी के नेता देश में सबसे ईमानदार नहीं हैं? बीजेपी वाले भ्रष्ट नहीं हो सकते। आपको कोई गलत जानकारी दी गई होगी। लोकायुक्त अपना बयान दे, उसके बाद मैं अपनी टिप्पणी दूंगा। बीजेपी नेता भ्रष्टाचार मुक्त हैं। लोकायुक्त को शायद कोई गलत सूचना मिली होगी।' शिवकुमार ने असम में बीजेपी की स्थिति पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि असम में बीजेपी के खिलाफ बड़ी एंटी-इनकंबेंसी लहर है और लोग सरकार बदलना चाहते हैं।

'असम में बीजेपी कमजोर हो रही है और हार रही है'

डीके शिवकुमार ने कहा, 'अगर बीजेपी असम में मजबूत होती तो हमारे पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा को पार्टी में शामिल करने की कोशिश क्यों करती? कोई भी हमारा कार्यकर्ता उनके साथ नहीं गया। इससे साफ है कि बीजेपी कमजोर हो रही है और हार रही है।' भूपेन कुमार बोरा 22 फरवरी को बीजेपी में शामिल होने वाले हैं। उन्होंने हाल ही में कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। असम विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच यह घटनाक्रम काफी अहम माना जा रहा है। बता दें कि डीके शिवकुमार असम विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के ऑब्जर्वर हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत