1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कृष्णानगर लोकसभा सीट: 554 करोड़ की संपत्ति, रॉयल फैमिली, एक तरफ महुआ मोइत्रा तो दूसरी तरफ भाजपा की अमृता रॉय

कृष्णानगर लोकसभा सीट: 554 करोड़ की संपत्ति, रॉयल फैमिली, एक तरफ महुआ मोइत्रा तो दूसरी तरफ भाजपा की अमृता रॉय

 Written By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : May 11, 2024 08:13 am IST,  Updated : May 11, 2024 08:13 am IST

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कृष्णानगर की लोकसभा सीट हॉट सीट बन चुकी है। भारतीय जनता पार्टी ने यहां से राजमाता अमृता राय को, टीएमसी ने महुआ मोइत्रा को और सीपीआईएम ने यहां से एसएम सादी को अपना उम्मीदवार बनाया है। चलिए बताते हैं किसकी संपत्ति कितनी है और कौन कितना पढ़ा लिखा है।

Krishnanagar Lok Sabha seat Mahua Moitra Total income Rajmata Amrita Roy 554 crore property know edu- India TV Hindi
कृष्णानगर लोकसभा सीट Image Source : FACEBOOK/PTI

लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर 13 मई को चौथे चरण के लिए मतदान किया जाना है। 13 मईको बंगाल के नदिया जिले की कृष्णानगर लोकसभा सीट पर भी मतदान किया जाएगा। यह सीट अब भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के लिए अपने नाक की लड़ाई बन चुकी है। संसद से निष्कासित महुआ मोइत्रा को तृणमूल कांग्रेस ने एक बार फिर कृष्णानगर से अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने राजा कृष्णचंद्र रॉय के परिवार की सदस्य अमृता रॉय को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं कम्युनिष्ट पार्टी ऑफ इंडिया मार्क्सवादी ने एसएम सादी को अपना उम्मीदवार बनाया है।

अमृता रॉय के पास कितनी है संपत्ति और पढ़ाई-लिखाई

वेस्ट बंगाल इलेक्शन वॉच और एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की तरफ से जब अमृता रॉय के चुनावी हलफनामें का विश्लेषण किया गया तो पता चला कि पश्चिम बंगाल में जितने भी लोकसभा के उम्मीदवार खड़ें है उनमें सबसे अधिक अमीर अमृता रॉय हैं। चुनावी हलफनामें के मुताबिक अमृता रॉय की कुल संपत्ति 554 करोड़ रुपये हैं। बता दें कि अमृता रॉय राजबाड़ी की राजमाता हैं। यहां 18वीं सदी में तत्कालीन महाराजा कृष्ण चंद्र रॉय का राज हुआ करता था। कृष्ण चंद्र बंगाल में प्रतिष्ठित बड़े राजाओं में से एक थे। वहीं अगर शिक्षा की बात करें तो अमृता रॉय ने कलकत्ता विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की है। अमृता रॉय पर एक भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।

महुआ मोइत्रा की कुल संपत्ति और पढ़ाई-लिखाई

महुआ मोइत्रा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में जो हलफनामा पेश किया है, उसके मुताबिक महुआ के पास अचल संपत्ति नहीं है। महुआ मोइत्रा ने 2018-19 और 2022-23 वित्तीय वर्ष तक का जो आंकड़ा पेश किया है, उसके मुताबिक उनकी आय 12,07,541 रुपये थी। 2021-22 में उनकी आय 11,81,578 रुपये थी। 2019-20 के दौरान उनकी आय 9 लाख 25 हजार रुपये थी। वहीं 2018-19 में उनकी आय 5 लाख 51 हजार 80 रुपये थी। महुआ के पास 50 हजार नकद है। विदेशी बैंक खाते में 5 लाख 35 हजार 850 रुपये जमा हैं। उनके पास एक महिंद्रा स्कॉर्पियों कार है। इसे साल 2016 में महुआ ने खरीदा था। महुआ के पास एक 80 लाख रुपये की हीरे अंगूठी भी है। 9 लाख 41 हजार के सोने के गहने हैं। कुल मिलाकर उनकी संपत्ति 3 करोड़ 50 लाख 67 हजार 166 रुपये हैं। महुआ मोइत्रा के खिलाफ एक आपराधिक मामला भी दर्ज है। महुआ ने माऊंट होलयोक कॉलेज से आर्ट्स में ग्रेजुएशन किया है।

एसएम सादी की संपत्ति और पढ़ाई-लिखाई

कम्युनिष्ट पार्टी ऑफ इंडिया मार्क्सवादी ने कृष्णानगर लोकसभा सीट से एसएम सादी को अपना उम्मीदवार बनाया है। बता दें कि एसएम सादी के खिलाफ 1 मुकदमा दर्ज है। वहीं अगर पढ़ाई लिखाई की बात करें तो एसएम सादी ने कृष्णानगर हाई स्कूल से 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की है। वहीं उनकी कुल संपत्ति लगभग 1 करोड़ के आस-पास है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत