संसद का मॉनसून सत्र सोमवार से शुरू हुआ। हालांकि, पहले दिन ही विपक्ष ने दोनों सदनों में जमकर हंगामा किया। इस वजह से कोई चर्चा नहीं हो पाई और दोनों सदनों की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई। 13 अगस्त तक चलने वाले मॉनसून सत्र के दौरान मोदी सरकार कई अहम बिल लाएगी। सबसे बड़ा सस्पेंस परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर है। बदले राजनीतिक समीकरणों और लोकसभा के नए नंबर गेम ने सरकार की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। वहीं सर्वदलीय बैठक में टीएमसी के बागी सांसदों को बुलाने पर विपक्ष के वॉकआउट ने सत्र शुरू होने से पहले ही सियासी पारा बढ़ा दिया है। आपको बता दें कि संसद के मॉनसून सत्र की शुरुआत काफी हंगामेदार तरीके से हुई और यह कार्यवाही स्थगित होने तक चलता रहा। विपक्षी दलों की ओर से NEET पेपर लीक, राम मंदिर चढ़ावा विवाद जैसे मुद्दों को लेकर जबरदस्त हंगामा किया गया है। इस कारण लोकसभा और राज्यसभा दोनों ही सदन की कार्यवाही बार-बार स्थगित करनी पड़ी। अंत में दोनों सदनों की कार्यवाही कल तक लिए स्थगित कर दी गई।
कौन-कौन से बिल आएंगे?
13 अगस्त तक चलने वाले संसद के मॉनसून सत्र के दौरान कुल 19 बैठकें होंगी। इस दौरान 7 बिल पेश किए जाएंगे। जानकारी के मुताबिक, सोमवार को लोकसभा में वंदे मातरम् बिल पेश होना था, लेकिन विपक्ष के भारी हंगामे के कारण बिल पेश नहीं हुआ। मॉनसून सत्र के दौरान जो बिल पेश होंगे उनमें शामिल हैं-:
- इनकम टैक्स संशोधन बिल
- सुप्रीम कोर्ट संशोधन बिल
- जन्म और मृत्यु पंजीकरण बिल
- राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम संशोधन बिल
- सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास संशोधन बिल
- विदेशी अंशदान विनियमन संशोधन विधेयक
- विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक
पीएम मोदी ने की मीडिया से बात
संसद के मॉनसून सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने भारत की विकास दर, उपलब्धियों समेत कई अहम मुद्दों पर बात की है। इससे पहले सोमवार को पीएम मोदी ने एक ट्वीट में कहा- "आज हमारे युवा साथी धैर्य, आत्मविश्वास और अथक परिश्रम से ऐतिहासिक सफलता हासिल कर रहे हैं। यही विकसित हो रहे भारत की सबसे बड़ी ताकत है।" आइए जानते हैं संसद के मॉनसून सत्र से जुड़ी हर अपडेट हमारे इस Blog में...