लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान जोर पकड़ लिया है। सभी पार्टियां चुनावी रैलियां और जनसभाएं कर रही हैं। इस बीच नेताओं पाला बदलने का भी सिलसिला लगातार जारी। यहां पर हम आपको लोकसभा चुनाव से जुड़ी ताजा जानकारी देते रहे हैं। लेटेस्ट समाचार पढ़ने के लिए पेज रिफ्रेश करते रहें।
उत्तराखंड सरकार के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता दिनेश अग्रवाल ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष को भेजा।
कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की कोट्टयम जिला इकाई के अध्यक्ष ने शनिवार को इस्तीफा दे दिया। यूडीएफ के जिला अध्यक्ष साजी मंजाकादम्बिल ने यह आरोप लगाते हुए पद से इस्तीफा दे दिया कि उन्हें पार्टी के कार्यक्रमों में नजरअंदाज किया गया और उनका अपमान किया गया। केरल कांग्रेस (जोसेफ) धड़े के नेता मंजाकादम्बिल ने पार्टी के जिला अध्यक्ष पद से भी अपना इस्तीफा दे दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि केसी (जोसेफ) धड़े के विधायक मॉन्स जोसेफ पिछले कुछ समय से उन्हें निशाना बना रहे हैं और उनका अपमान कर रहे हैं।
पुथलपट्टू से विधायक एम एस बाबू सत्तारूढ़ वाईएसआरसीपी को छोड़कर शनिवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। एक बयान में इसकी जानकारी दी गयी है। बाबू ने आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष वाई एस शर्मिला की उपस्थिति में कांग्रेस का दामन थामा। कांग्रेस ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘चुनाव से पहले सत्तारूढ़ वाईएसआरसीपी को बड़ा झटका। पुथलपट्टू से विधायक एम एस बाबू कांग्रेस में शामिल हुए। शर्मिला ने कांग्रेस में आने पर उनका स्वागत किया।’
गाजियाबाद में पीएम मोदी के रोड शो में सड़क के दोनों तरफ लोगों की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ऊपर पुष्प वर्षा कर रहे हैं। पीएम मोदी के साथ सीएम योगी भी उसी वाहन पर मौजूद हैं।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक रोड शो कर रहे हैं। इस मौके पर उनके साथ सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद हैं।
चुनाव आयोग ने आगामी लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए सभी पूर्वोत्तर राज्यों में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया है। मिजोरम को छोड़कर, 2019 के संसदीय चुनावों में पूर्वोत्तर राज्यों में मतदान का प्रतिशत राष्ट्रीय औसत 67.40 प्रतिशत से बहुत अधिक था। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, 2019 के लोकसभा चुनाव में मिजोरम में 7.92 लाख मतदाताओं में से 63.13 प्रतिशत ने वोट डाले, जबकि पिछले साल (7 नवंबर) विधानसभा चुनाव में पहाड़ी राज्य में 8.57 लाख मतदाताओं में से 80 प्रतिशत से अधिक ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
BJP ने शनिवार को अपना 45वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर देहरादून के पार्टी कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद नरेश बंसल समेत तमाम नेता मौजूद रहे। पार्टी के 45वें स्थापना दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं के लिए ऐतिहासिक दिन है। आज भाजपा सबसे बड़ा संगठन बन गया है। इस बार का स्थापना दिवस महत्वपूर्ण है, क्योंकि, लोकतंत्र का महापर्व है।
गोड्डा से बीजेपी सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने एक बार फिर चौंकाने वाला बयान दिया है। हमेशा से ही रहस्यमयी और विस्फोटक बयान देने वाले निशिकांत दुबे ने इस बार कहा है कि 2025 में झारखंड मुक्ति मोर्चा टुकड़ों में बंट जाएगा। दुमका दौरे पर पहुंचे निशिकांत दुबे ने सार्वजिनक रूप से कहा कि JMM कुनबा पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन को मुख्यमंत्री बनाने का प्रयास कर रहा है। इसका असर JMM की अंदरूनी राजनीति पर भी दिखेगा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मध्य प्रदेश के संगरौली में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा "एक राष्ट्र, एक चुनाव' से देश मजबूत होगा। जनता अपने वोट का बेहतर इस्तेमाल कर सकेगी। खरीद-फरोख्त रोकने का भी यही उपाय है। देश में 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' होना चाहिए।"
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने जयपुर में कहा कि हमारे घोषणा पत्र को हमने न्याय पत्र का नाम दिया है ताकि ये स्पष्ट हो कि ये सिर्फ घोषणाओं की एक सूची नहीं है जिन्हें हम चुनाव के बाद भूल जाएंगे। ये एक संघर्ष की आवाज है, इस देश की आवाज है जो आज न्याय मांग रही है। प्रियंका गांधी ने कहा कि 'मुझे बहुत खुशी और गर्व है कि राज्यसभा सदस्य बनने के बाद मेरी मां सोनिया गांधी आपके राज्य (राजस्थान) आई हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहारनपुर में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए कहा, कल कांग्रेस ने जिस तरह का घोषणापत्र जारी किया, वह उसी सोच को दर्शाता है जो आजादी के समय मुस्लिम लीग में थी। कांग्रेस के घोषणापत्र पर पूरी तरह से इसकी छाप दिखती है।" मुस्लिम लीग और घोषणापत्र के शेष भाग पर वामपंथियों का वर्चस्व है..."
प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया के कई देशों में यूरिया का एक बोरा 3,000 रुपये में मिलता है। हमारे यहां किसानों को यूरिया का ये बोरा 300 रुपये से भी कम में मिलता है। ये क्षेत्र अपनी कृषि उत्पादकों के लिए भी जाना जाता है। पिछले 10 साल से हमारी सरकार लगातार अपने किसान भाइयों के लिए काम कर रही है। किसान की छोटी-छोटी जरूरत को लेकर हमारी सरकार संवेदनशील है। आज देश में छोटे किसानों की पीएम किसान निधि के जरिये मदद की जा रही है। अकेले यहां सहारनपुर में ही 3 लाख से ज्यादा किसानों के खाते में 860 करोड़ रुपये सीधे भेजे जा चुके हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि अब हम भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के मिशन में जुटे हैं। वहीं दूसरी तरफ हमारे विरोधी सत्ता पाने के लिए तड़प रहे हैं। मैं देश का पहला ऐसा चुनाव देख रहा हूं, जहां विपक्ष जीत का दावा नहीं कर रहा है, बल्कि विपक्ष केवल इसलिए चुनाव लड़ रहा है, ताकि भाजपा की सीटें 370 से कम की जा सकें और NDA की सीटें 400 से कम की जा सकें।
विपक्ष पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की सरकारें जो कई दशकों में नहीं कर पाई, वो भाजपा ने 10 साल में करके दिखाया है। पीएम ने कहा कि आज भाजपा का स्थापना दिवस है। बहुत कम दशकों में ही भाजपा के साथ रिकॉर्ड संख्या में हमारे देशवासी जुड़े हैं। भाजपा ने लोगों का भरोसा जीता है, भाजपा ने लोगों दिल जीता है। इसका सबसे बड़ा कारण है कि भाजपा राजनीति नहीं, राष्ट्रनीति पर चलती है। भाजपा के लिए राष्ट्र प्रथम है, ये भाजपा के नारा नहीं बल्कि हमारे article of faith है।
पीएम मोदी ने कहा कि मैंने संकल्प लिया था कि आपके आशीर्वाद से हर स्थिति, हर परिस्थिति को बदलूंगा, निराशा को आशा में बदलूंगा, आशा को विश्वास में बदलूंगा। आपने अपने आशीर्वाद में कोई कमी नहीं रखी और मोदी ने अपनी मेहनत में कोई कमी नहीं छोड़ी।
पीएम मोदी ने कहा कि 10 वर्ष पहले मैं चुनावी जनसभा के लिए सहारनपुर आया था। उस समय देश घोर निराशा, घोर संकट के दौर से गुजर रहा था। तब मैंने आपको गारंटी दी थी कि मैं देश झुकने नहीं दूंगा, देश रुकने नहीं दूंगा। हमारा ये स्थान मां शक्ति का स्थान है, ये मां शक्ति की साधना का स्थान है और हिंदुस्तान के हर कोने में शक्ति की उपासना हमारी स्वाभाविक, आध्यात्मिक यात्रा का हिस्सा है। हम वो देश हैं, जो कभी भी शक्ति उपासना को नकारते नहीं हैं। लेकिन ये देश का दुर्भाग्य है कि INDI अलायंस के लोग चुनौती दे रहे हैं कि उनकी लड़ाई शक्ति के खिलाफ है। जिन-जिन लोगों ने शक्ति को नष्ट करने का प्रयास किया है, उन सबका क्या हाल हुआ है, ये इतिहास और पुराणों में अंकित है।
सहारनपुर में रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दो दिन पहले एक प्रतिष्ठित ब्रिटिश अखबार की एक रिपोर्ट ने दुनिया और हम सभी का ध्यान आकर्षित किया था। इसमें बताया गया था कि पाकिस्तान के अंदर आतंकवादियों को कैसे मारा गया। केवल द गार्जियन ही बता सकता है।" इस रिपोर्ट का स्रोत क्या है...आज दुनिया ने भी मान लिया है कि आतंकवाद एक चुनौती है और भारत इससे निपटने में दुनिया का नेतृत्व करेगा।
सहारनपुर में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 2024 का चुनाव सिर्फ सरकार बनाने का चुनाव नहीं है, बल्कि ये चुनाव विकसित भारत बनाने के लिए है।
उत्तर प्रदेश की गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर 34 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया जिनमें से शुक्रवार को कुल 19 प्रत्याशियों के पर्चे जांच के बाद जिला प्रशासन ने निरस्त कर दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट से 15 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जिन प्रत्याशियों के नामांकन निरस्त किए गए हैं उन्होंने अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं, हालांकि जिला निर्वाचन अधिकारी ने पूरी निष्पक्षता बरते जाने की बात कही है। जिला निर्वाचन अधिकारी वर्मा ने बताया,‘‘ गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर 26 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए 34 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। शुक्रवार को सभी नामांकन पत्रों की जांच हुई। नामांकन पत्रों में कमी पाए जाने पर 19 प्रत्याशियों के पर्चे निरस्त कर दिए गए।’’ जांच में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी डॉ.महेश शर्मा, समाजवादी पार्टी (सपा) के डॉ.महेंद्र सिंह नागर, बसपा के राजेंद्र सोलंकी, नेशनल पार्टी के किशोर सिंह आदि के नामांकन सही पाए गए हैं।
समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया ने भी पाला बदल लिया है। पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया ने भाजपा मुख्यालय में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक की मौजूदगी में बेटे कमलेश कठेरिया के साथ भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। प्रेमदास कठेरिया समाजवादी पार्टी से सन 1996 में ब्लॉक प्रमुख, सन 2000 से लेकर 2005 तक अध्यक्ष जिला पंचायत इटावा, 2005 में सदस्य जिला पंचायत, 2009 से 2014 तक 15 वी लोकसभा के सदस्य एवं क़ृषि समिति के सदस्य भी रहे। समाजवादी पार्टी के संरक्षक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के काफी नजदीक माने जाते रहे हैं प्रेमदास कठेरिया।
संपादक की पसंद