Lok Sabha Elections 2024 Live Updates: लोकसभा चुनावों के चौथे चरण का मतदान सोमवार को संपन्न होने के साथ ही बचे हुए तीन चरणों के लिए सियासी दलों ने जोर लगाना शुरू कर दिया है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार की शाम अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद 6 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। पूरे रोड शो के दौरान लोगों ने पुष्प वर्षा करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। आज पीएम मोदी के नामांकन के साथ-साथ कई अन्य सियासी हलचलें भी देखने को मिलेंगी। लोकसभा चुनावों और सियासत से जुड़े हर जरूरी अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें:
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर में मतदान प्रतिशत से अनुच्छेद 370 निरस्त करने के नरेन्द्र मोदी सरकार के फैसले के परिणाम सामने आ रहे हैं। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में श्रीनगर लोकसभा सीट पर करीब 38 प्रतिशत मतदान होने के एक दिन बाद गृह मंत्री ने यह टिप्पणी की है।
ओडिशा की बेरहामपुर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार प्रदीप पाणिग्रही और इसी नाम के विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के बीच सोमवार को मतदान संपन्न होने के बाद झड़प हो गई। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस दौरान पाणिग्रही घायल हो गये। पाणिग्रही के दाहिने कंधे पर चोट आई और उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत भी की है। उन्हें बेरहामपुर के एक मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भर्ती कराया गया और मंगलवार को उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भुवनेश्वर ले जाया गया। इस बीच, बेरहामपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार एस शंकर दास को गोसानी नुआगांव पुलिस थाने में हिरासत में लिया गया जिसके बाद उनके समर्थकों ने रिहाई की मांग और चुनाव में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर धरना दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को मुंबई में रोड शो करने वाले हैं। प्रधानमंत्री मुम्बई की उत्तर पूर्व लोकसभा सीट से उम्मीदवार मिहिर कोटेचा के लिए रोड शो करेंगे। मुम्बई के घाटकोपर में स्थित श्रेयस सिनेमा से गांधी मार्किट तक करीब 2.5 किमी तक यह रोड शो चलेगा और शाम 7 बजे से शुरू होगा। इस रोड शो में मुख्यमंत्री एकनाथ शिन्दे और दोनों डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार भी मौजूद रहेंगे। उत्तर पूर्व मुम्बई सीट से बीजेपी उम्मीदवार मिहिर कोटेचा का मुकाबला उद्धव गुट के संजय दिना पाटिल से है। (रिपोर्ट: अतुल सिंह)
हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार कंगना रनौत ने लोकसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।
चंडीगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार मनीष तिवारी ने लोकसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।
हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार कंगना रनौत ने नामांकन दाखिल करने से पहले रोड शो किया। कांग्रेस ने मंडी लोकसभा सीट से राज्य मंत्री विक्रमादित्य सिंह को मैदान में उतारा है, मंडी में एक जून को मतदान होगा।
हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से बीजेपी की उम्मीदवार कंगना रनौत ने कहा, 'यह मंडी की जनता का प्यार और उनकी उम्मीदें हैं जो मुझे यहां खींचकर लाई हैं। जब इतिहास याद किया जाएगा तब इस दौर को शायद स्वर्णिम काल कहा जाएगा। मंडी जहां दशकों पहले भ्रूण हत्या की दर बहुत अधिक थी आज उसी मंडी में न जाने कितनी बेटियां रक्षा क्षेत्र, शिक्षा क्षेत्र, राजनीति आदि में जा रही हैं। बेटियों का पैदा होना अब सौभाग्य की बात मानी जा रही है। कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रविरोधी मानसिकता देश के लिए चिंता का विषय है।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी के काल भैरव मंदिर में दर्शन करने के बाद अपना नामांकन दाखिल कर दिया। पीएम मोदी ने वाराणसी से तीसरी बार अपना नामांकन दाखिल किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी के काल भैरव मंदिर में पूजा की है। वह अबसे थोड़ी ही देर में नामांकन दाखिल करेंगे।
PM मोदी के नामंकन में NDA का शक्ति प्रदर्शन हो रहा है। एनडीए शासित राज्यों के 11 मुख्यमंत्री और मोदी कैबिनेट के 18 मंत्री इस वक्त काशी में मौजूद हैं। सहयोगी दलों में महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे, चिराग पासवान, जयंत चौधरी भी पीएम के नामांकन में शामिल होने के लिए वारणसी पहुंचे हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह वाराणसी के एक होटल से रवाना हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगे।
आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और TDP प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने वाराणसी में प्रधानमंत्री मोदी के नामांकन को लेकर कहा, 'आज एक ऐतिहासिक दिन है, वाराणसी एक पवित्र स्थान है। PM नरेंद्र मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। पिछले 10 वर्षों से उन्होंने अद्भुत काम किया है, उन्होंने 2027 तक 'विकसित भारत' का संकल्प लिया है और इसमें हर भारतीय उनके साथ है।"
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी के काल भैरव मंदिर पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना नामांकन दाखिल करने से पहले वाराणसी के काल भैरव मंदिर जाने वाले हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी में नामांकन से पहले दशाश्वमेध घाट पर पूजा कर रहे हैं। आज प्रधानमंत्री मोदी 11 बजकर 40 मिनट पर अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से वाराणसी में मुलाकात की और उनका अभिनंदन किया।
आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और TDP प्रमुख चंद्रबाबू नायडू सहित NDA नेता गठबंधन की बैठक में भाग लेने के लिए वाराणसी के एक होटल में पहुंचे।
वाराणसी से तीसरी बार नॉमिनेशन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पोस्ट पर एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में अपने 10 साल के सफर को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा है कि'अपनी काशी से मेरा रिश्ता अद्भुत है, अभिन्न है और अप्रतिम है… बस यही कह सकता हूं कि इसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता!'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वाराणसी लोकसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल करेंगे। जिसके मद्देनजर गोदौलिया चौक पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई। प्रधानमंत्री मोदी वाराणसी से मौजूदा सांसद और उम्मीदवार हैं। कांग्रेस ने यूपी पार्टी प्रमुख अजय राय को वाराणसी से मैदान में उतारा है।
गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार रवि किशन ने कहा है कि देश 10 साल से देख रहा है कि 'राम राज्य' में हिंदू और मुसलमान सब खुश हैं... हम चांद पर पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि खरगे साहब, आपको तुरंत आराम की जरूरत है। हिमालय पर एक जगह है, मैं आपको उस गुफा के बारे में बता दूंगा और आप वहां चले जाएगा। आपको वहां जाने की आवश्यकता है। वहां कैसे पहुंचना है इसका पता मैं भेज दूंगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वाराणसी में अपना नामांकन दाखिल करेंगे जिसके तहत डीएम कार्यालय के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी वाराणसी से मौजूदा सांसद और उम्मीदवार हैं। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश पार्टी प्रमुख अजय राय को वाराणसी से मैदान में उतारा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना नामांकन दाखिल करने से पहले वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी यहां क्रूज जहाज पर भी सवार होंगे। प्रधानमंत्री मोदी वाराणसी से मौजूदा सांसद और उम्मीदवार हैं। कांग्रेस ने यूपी पार्टी प्रमुख अजय राय को वाराणसी से मैदान में उतारा है।
प्रधानमंत्री के नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय , महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत अन्य लोगों के उपस्थित रहने की संभावना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गंगा स्नान और काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद सुबह 11 बजकर 40 मिनट पर पर्चा दाखिल करेंगे। पीएम मोदी के नॉमिनेशन में 12 राज्यों के मुख्यमंत्री, कई केंद्रीय मंत्री और सहयोगी पार्टियों के नेता शामिल होंगे।
PM मोदी सवा दो घंटे तक चले करीब 6 किलोमीटर लंबे रोड शो के समापन पर काशी विश्वनाथ धाम मंदिर पहुंचे। बीजेपी ने मोदी को वाराणसी संसदीय क्षेत्र से तीसरी बार उम्मीदवार बनाया है, जहां लोकसभा चुनाव के सातवें चरण में एक जून को मतदान होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके पहले 2014 और 2019 में वाराणसी लोकसभा सीट से चुनाव जीता था और अबकी बार यहां से तीसरी बार उम्मीदवार बनेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार की शाम अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद एक रोड शो किया। करीब 6 किलोमीटर लंबे इस रोड शो के दौरान लोगों ने पुष्प वर्षा करके उनका स्वागत किया। मोदी आज काशी के कोतवाल कहे जाने वाले काल भैरव का दर्शन करने के बाद वाराणसी लोकसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
संपादक की पसंद