Lok Sabha Elections Phase 3 Polling News: देश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत देश के 11 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 93 सीटों के लिए मतदान संपन्न हो गया है है। तीसरे चरण में बीजेपी का बहुत कुछ दांव पर है जिसने पिछले आम चुनावों में गुजरात, कर्नाटक, बिहार और मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों में स्थित इन निर्वाचन क्षेत्रों में से अधिकतर पर जीत हासिल की थी। कुल 93 सीट के लिए 1300 उम्मीदवार मैदान में हैं जिनमें 120 महिलाएं हैं, जबकि पात्र मतदाताओं की संख्या 11 करोड़ से ज्यादा है।
लोकसभा चुनावों की तीसरे फेज की वोटिंग से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए हमारे साथ बने रहें:
लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 10 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 93 सीटों पर मंगलवार सुबह 7 बजे से जारी वोटिंग शाम छह बजे खत्म हो गई है। चुनाव आयोग के मुताबिक, तीसरे चरण में 64.08% लोगों ने मतदान किया। असम में सबसे ज्यादा 75% और सबसे कम महाराष्ट्र में 53% मतदान हुआ।
छत्तीसगढ़ की सात लोकसभा सीटों में शाम 5 बजे तक 66.87 प्रतिशत वोटिंग हुई।
बिलासपुर लोकसभा सीट पर 60.05 प्रतिशत
दुर्ग लोकसभा सीट पर 67.33 प्रतिशत
जांजगीर- चांपा लोकसभा सीट पर 62.44 प्रतिशत
कोरबा लोकसभा सीट पर 70.60 प्रतिशत
रायगढ़ लोकसभा सीट पर 75.84 प्रतिशत
रायपुर लोकसभा सीट पर 61.25 प्रतिशत
सरगुजा लोकसभा सीट पर 74.17 प्रतिशत
असम में शाम पांच बजे तक 74.86 प्रतिशत, बिहार में 56.01 प्रतिशत, छत्तीसगढ में 66.87 प्रतिशत, दादर नागर हवेली में 66.87 प्रतिशत, गोवा में 72.52 प्रतिशत, पश्चिम बंगाल में 73.93, और यूपी में 55. 13 प्रतिशत मतदान हुआ है।
मिल रही जानकारी के मुताबिक शाम पांच बजे तक लोकसभा के तीसरे चरण के लिए शाम 5 बजे तक 60.19 प्रतिशत हुई वोटिंग। जबकि यूपी की 10 लोकसभा सीटों के लिए शाम पांच बजे तक 55.13 प्रतिशत वोट पड़े हैं।
कर्नाटक की 14 सीटों पर दोपहर 3 बजे तक 54.20 फीसदी हुआ मतदान
दोपहर 3 बजे तक मध्य प्रदेस में 54.09% मतदान हुआ
राजगढ़- 63.69%
गुना-60.16%
बैतूल-59.63%
विदिशा- 59.87%
सागर-53.08%
भोपाल- 50.16%
ग्वालियर-49.60%
मुरैना- 48.23%
भिंड- 44.18%
महाराष्ट्र की इन सीटों पर दोपहर 3 बजे तक औसतन 42.63 प्रतिशत मतदान
लातूर - 44.48 प्रतिशत
सांगली - 41.30 प्रतिशत
बारामती - 34.96 प्रतिशत
हातकणंगले - 49.94 प्रतिशत
कोल्हापुर - 51.51 प्रतिशत
माढा- 39.11 प्रतिशत
उस्मानाबाद - 40.92 प्रतिशत
रायगढ़ - 41.43 प्रतिशत
रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग- 44.73 प्रतिशत
सतारा - 43.83 प्रतिशत
सोलापुर - 39.54 प्रतिशत
एक तरफ जहां लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के बीच पूरे देश के मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ मधेपुरा में दो मतदान केंद्रों पर सन्नाटा पसरा है। पीठासीन अधिकारी मतदान केंद्रों में धूल फांकते नजर आ रहे हैं। अधिकारी बस यही गुहार लगा रहे हैं कि कोई तो मतदान करने आ जाए, लेकिन शायद इस बार यहां की जनता ने खोखले वादे करने वाले नेताओं को कड़ा सबक सिखाने की कसम खा ली है। जनता का कहना है कि हर नेता चुनाव के समय अपनी आमद दर्ज कराकर लुभावने वादे कर हमारा वोट ले लेता है, लेकिन जब मसला हमारी समस्याओं का निवारण करने का होता है, तो वो अपना पल्ला झाड़ लेता है। (IANS)
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि देश इतिहास के एक अहम मोड़ पर पहुंच गया है और लोगों को यह तय करना होगा कि देश ‘वोट जिहाद’ से चलेगा या ‘राम राज्य’ से।
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को दावा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अंदर सत्ता को लेकर खींचतान जारी है, यही वजह है कि उसके नेता ‘आत्म तुष्टीकरण’ के लिये बयान दे रहे हैं।
पीएम मोदी ने रैली में कहा कि जब तक मोदी जिन्दा है, नकली सेक्युलरिज्म के नाम पर भारत की पहचान मिटाने की कोई भी कोशिश मोदी सफल नहीं होने देगा। और ये हजारों वर्ष पुराने भारत को, उसकी इस संतान की गारंटी है।
सीएम योगी ने यूपी के सीतापुर में कहा कि सपा के लोग राम का विरोध करते हैं, राम भक्तों पर गोली चलाते हैं, आतंकवादियों का समर्थन करते हैं, राम भक्तों की मौत पर जश्न मनाते हैं और माफियाओं के मरने पर आंसू बहाते हैं।
लोकसभा चुनावों के तीसरे फेज के तहत दोपहर 01 बजे तक 39.92 फीसदी वोटिंग हुई है। चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, दोपहर 01 बजे तक असम में 45.88 फीसदी, बिहार में 36.69 फीसदी, छ्त्तीसगढ़ में 46.14 फीसदी, दादरा एंव नगर हवेली और दमन एवं दीउ में 39.94 फीसदी, गोवा में 49.04 फीसदी, गुजरात में 37.83 फीसदी, कर्नाटक में 41.59 फीसदी, मध्य प्रदेश में 44.67 फीसदी, महाराष्ट्र में 31.55 फीसदी, उत्तर प्रदेश में 38.12 फीसदी और पश्चिम बंगाल में 49.27 फीसदी मतदान हुआ है।
उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत मंगलवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है। इसी बीच सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने राम मंदिर पर विवादित बयान दिया है। रामगोपाल यादव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि राम जी के दर्शन वो रोज करते हैं। उन्होंने अयोध्या में दर्शन के लिए जाने के बारे कहा कि राम मंदिर का नक्शा और वास्तु ठीक नहीं है। मंदिर ऐसे नहीं बनता। वो मंदिर बेकार है। उन्होंने कहा कि पुराने मंदिर देख लीजिए, कैसे बने हैं। दक्षिण से लेकर उत्तर तक। नक्शा ठीक से नहीं बना है। मंदिर को वास्तु के लिहाज से ठीक नहीं बनाया गया।
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर के सेमली में एक मतदान केंद्र पर एक ही परिवार की पांच पीढ़ियों ने एक साथ मतदान किया।
मध्य प्रदेश के धार में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "4 जून को अब एक महीना भी नहीं बचा है। तीसरी चरण की वोटिंग चल रही है पहले चरण में विपक्ष पस्त पड़ गया था, दूसरे चरण में विपक्ष ध्वस्त हो गया था और तीसरी चरण के बाद जो थोड़े-थोड़े तारे दिखते हैं वो भी अब अस्त होना तय हो जाएगा क्योंकि पूरे देश ने तय कर लिया है कि फिर एक बार मोदी की सरकार।"
सुबह 11:00 बजे तक यूपी में 26.12 फीसदी मतदान हुआ है।
लोकसभा चुनावों के तीसरे फेज में सुबह 11 बजे तक मध्य प्रदेश में 30.21 फीसदी मतदान हुआ है।
सुबह 11 बजे तक कहां कितना हुआ मतदान
लोकसभा चुनावों के तीसरे फेज के तहत सुबह 11 बजे तक 25.41 फीसदी वोटिंग हुई है। चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 11 बजे तक असम में 27.34 फीसदी, बिहार में 24.41 फीसदी, छ्त्तीसगढ़ में 29.90 फीसदी, दादरा एंव नगर हवेली और दमन एवं दीउ में 24.69 फीसदी, गोवा में 30.94 फीसदी, गुजरात में 24.35 फीसदी, कर्नाटक में 24.48 फीसदी, मध्य प्रदेश में 30.21 फीसदी, महाराष्ट्र में 18.18 फीसदी, उत्तर प्रदेश में 26.12 फीसदी और पश्चिम बंगाल में 32.82 फीसदी मतदान हुआ है।
कांग्रेस नेता मुमताज पटेल ने गुजरात के भरूच में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। इस सीट पर भाजपा के मौजूदा सांसद मनसुखभाई वसावा का मुकाबला आम आदमी पार्टी के चैतर वसावा से है।
लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण में अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने गुजरात के अहमदाबाद में अपना वोट डाला।
बीजेपी से निष्कासित नेता केएस ईश्वरप्पा और उनके परिवार ने शिवमोग्गा में वोट डाला। वह शिमोगा निर्वाचन क्षेत्र से एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने पार्टी सांसद बी.वाई. राघवेंद्र और कांग्रेस ने गीता शिवराजकुमार को मैदान में उतारा है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 'अगर INDIA गठबंधन सत्ता में आई तो देश में जंगलराज हो जाएगा' वाले बयान पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने पटना में कहा, "वह इतना डर गए हैं कि वह सभी को भड़का रहे हैं।" पीएम नरेंद्र मोदी के बयान पर RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कहा, "वह संविधान और लोकतंत्र को खत्म करना चाहते हैं ये बात जनता समझ गई है।"
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी संसदीय क्षेत्र में सपा प्रमुख अखिलेश यादव, मैनपुरी से मौजूदा सांसद और सपा उम्मीदवार डिंपल यादव ने मतदान किया। भाजपा ने इस सीट से जयवीर सिंह को मैदान में उतारा है।
मध्य प्रदेश के खरगोन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'मैं आज आपसे विकसित भारत के संकल्प के लिए आशीर्वाद मांगने आया हूं... नर्मदा तट पर रहने वाले मांगने वाले को निराश नहीं करते और मैं आज आपसे मांगने आया हूं।'
वोट डालने के बाद NCP-SCP सांसद और महाराष्ट्र की बारामती लोकसभा सीट से उम्मीदवार सुप्रिया सुले ने कहा, "देश में एक सशक्त लोकतंत्र में संवधान को केंद्र में रखकर पारदर्शी तरीके से, सच को सामने रखकर चुनाव होने चाहिए। तीसरे चरण का मतदान जारी है। शांतिपूर्ण तरीके से मतदान होने चाहिए यह हमारी मांग है।"
सुबह 9:00 बजे तक यूपी में 12.94 फीसदी मतदान हुआ है।
लोकसभा चुनावों के तीसरे फेज के तहत सुबह 9 बजे तक 10.81 फीसदी वोटिंग हुई है। चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 9 बजे तक असम में 10.12 फीसदी, बिहार में 10.41 फीसदी, छ्त्तीसगढ़ में 13.24 फीसदी, दादरा एंव नगर हवेली और दमन एवं दीउ में 10.13 फीसदी, गोवा में 13.02 फीसदी, गुजरात में 9.87 फीसदी, कर्नाटक में 9.45 फीसदी, मध्य प्रदेश में 14.43 फीसदी, महाराष्ट्र में 6.64 फीसदी, उत्तर प्रदेश में 12.94 फीसदी और पश्चिम बंगाल में 15.85 फीसदी मतदान हुआ है।
क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी और जामनगर से भाजपा विधायक रिवाबा जडेजा ने जामनगर के एक मतदान केंद्र में लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे के लिए वोट डाला। कांग्रेस ने जामनगर लोकसभा सीट से जेपी मराविया को और भाजपा ने पूनमबेन मादम को मैदान में उतारा है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के अहमदाबाद में एक मतदान केंद्र पर लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अपना वोट डाला। केंद्रीय गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह गांधीनगर लोकसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार हैं। कांग्रेस ने अपनी पार्टी सचिव सोनल पटेल को गांधीनगर से मैदान में उतारा है।
अभिनेता रितेश देशमुख और उनकी पत्नी जेनेलिया देशमुख महाराष्ट्र में लातूर के एक मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे। NDA ने मौजूदा सांसद सुधाकर तुकाराम श्रंगारे और INDIA गठबंधन के कलगे शिवाजी बंदप्पा को मैदान में उतारा है।
लोकसभा चुनाव 2024 तीसरे चरण के मतदान के दौरान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में स्थित जंगीपुर में एक मतदान केंद्र पर भाजपा उम्मीदवार धनंजय घोष के साथ तृणमूल कांग्रेस के बूथ प्रेसीडेंट की झड़प हुई।
PICS: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए गुजरात के अहमदाबाद के निशान हायर सेकेंडरी स्कूल में अपना वोट डाला।
महाराष्ट्र के पुणे में सूबे के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और बारामती से NCP उम्मीदवार सुनेत्रा पवार ने मतदान किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अपना वोट डालने गुजरात के अहमदाबाद के राणीप में एक मतदान केंद्र पहुंचे। उन्होंने यहां लोगों का अभिवादन किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद के राणीप में एक पोलिंग बूथ में अपना वोट डाल दिया है। बता दें कि आज लोकसभा चुनावों के तीसरे फेज के तहत 93 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मतदान करने के लिए आज अहमदाबाद पहुंचे हुए हैं। वह अबसे थोड़ी ही देर में अपना वोट डालेंगे। बता दें कि मतदानस्थल पर गृह मंत्री अमित शाह भी उनके साथ मौजूद हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुजरात के अहमदाबाद में निशान हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंचे। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए वोट डालने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यहां पहुंचेंगे।
चुनाव आयोग ने कहा कि 1.85 लाख मतदान केंद्रों पर 17.24 करोड़ से अधिक मतदाताओं, जिनमें 8.85 करोड़ पुरुष और 8.39 करोड़ महिलाएं हैं, का स्वागत करने के लिए लगभग 18.5 लाख मतदान अधिकारियों को तैनात किया गया है।
मध्य प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष और खजुराहो लोकसभा क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार वीडी शर्मा ने भोपाल में अपना वोट डाला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, 'तीसरे चरण के सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और वोटिंग का एक नया रिकॉर्ड बनाएं। आप सभी की सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र के इस महोत्सव की रौनक को और बढ़ाएगी।'
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व विदिशा से भाजपा उम्मीदवार शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर के जैत गांव में अपने आवास पर पूजा की।
उत्तर प्रदेश के संभल में पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा, "पूरे देश में प्रधानमंत्री मोदी की लहर चल रही है और भारत की जनता ऐसा मानती है कि भारत के भविष्य के लिए, भारत के उत्थान के लिए, भारत के गौरव के लिए तासरी बार नरेंद्र मोदी का प्रधानमंत्री बनना जरूरी है..."
गुजरात में आज लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के मद्देनजर अहमदाबाद में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान से पहले बिहार के खगड़िया में मतदान केंद्र संख्या 151 पर तैयारियां की जा रही थीं। लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण में आज बिहार की 5 लोकसभा सीटों पर मतदान सुबह 7:00 बजे से शुरू हुआ।
आज तीसरे चरण में जिन सीटों पर चुनाव हो रहा है उनमें गुजरात की 25, कर्नाटक की 14, महाराष्ट्र की 11, उत्तर प्रदेश की 10, मध्य प्रदेश की 9, छत्तीसगढ़ की 7, बिहार की 5, पश्चिम बंगाल और असम की 4-4 और गोवा की 2 सीटें शामिल हैं।
पहले दो चरणों में लोकसभा की 543 सीट में से 189 सीट पर मतदान हो चुका है। चौथे, पांचवें, छठे और सातवें चरण के चुनाव क्रमश: 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून को होंगे। मतगणना 4 जून को होगी।
देश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत अबसे थोड़ी ही देर में 11 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 93 सीट के लिए मतदान शुरू हो जाएगा।
संपादक की पसंद