1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. महुआ मोइत्रा ने अमित शाह पर की विवादित टिप्पणी, सीएम योगी और केशव प्रसाद मौर्या ने की निंदा

महुआ मोइत्रा ने अमित शाह पर की विवादित टिप्पणी, सीएम योगी और केशव प्रसाद मौर्या ने की निंदा

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Aug 30, 2025 04:54 pm IST,  Updated : Aug 30, 2025 04:54 pm IST

टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के लिए विवादित टिप्पणी की है। इस मामले पर सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या और ब्रजेश पाठक ने बयान दिया है।

Mahua Moitra made controversial remarks on Amit Shah CM Yogi and Keshav Prasad Maurya condemned- India TV Hindi
महुआ मोइत्रा के बयान की सीएम योगी ने की निंदा Image Source : PTI

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के कई नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर की गयी कथित अपमानजनक टिप्पणी की निंदा की है। पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की लोकसभा सदस्य महुआ मोइत्रा द्वारा घुसपैठ के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई टिप्पणियों से विवाद खड़ा हो गया है। योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी पर तृणमूल कांग्रेस की सांसद द्वारा की गयी असंसदीय और आपत्तिजनक टिप्पणी अक्षम्य तथा घोर निंदनीय है।” उन्होंने लिखा,“तृणमूल कांग्रेस के राजनीतिक कुसंस्कारों को प्रकट करती यह टिप्पणी भारतीय लोकतांत्रिक मूल्यों पर विश्वास करने वाले प्रत्येक भारतीय का अपमान है।” योगी ने कहा, “तृणमूल कांग्रेस को इस अभद्र टिप्पणी के लिए अविलंब समूचे देश से माफी मांगनी चाहिए।” 

क्या बोले केशव प्रसाद मौर्य

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर लिखा, “वंदे मातरम् का मंत्र देने वाले राज्य (पश्चिम बंगाल) की सांसद महुआ मोइत्रा ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी पर जो टिप्पणी की है, वह निहायत ही घोर असंसदीय और आपत्तिजनक है। उसे हरगिज़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता और इसके लिए देश एवं पश्चिम बंगाल की जनता उनको कतई माफ नहीं करेगी।” उपमुख्यमंत्री ने कहा, “मोइत्रा यह भलीभांति जानती हैं कि यह अमित शाह जी ही हैं जिन्होंने अनुच्छेद 370 को इतिहास बना दिया। अधिकतर नक्सली जिलों को मुख्यधारा में लाने के साथ घुसपैठियों पर लगातार लगाम कसने का काम किया है। देश की आंतरिक सुरक्षा पर सख़्त निगरानी का उनका ख़ाका काम कर रहा है।” 

टीएमसी अमित शाह से खाती है खौफ: केशव प्रसाद मौर्य

मौर्य ने कहा ,“दरअसल, श्रीमती मोइत्रा बेहतर तरीके से समझती हैं कि उनकी तृणमूल कांग्रेस सबसे ज्यादा राजनीतिक ख़ौफ़ अमित शाह जी से ही खाती है। अगले विधानसभा चुनाव में अमित शाह जी उनकी पार्टी की बाज़ी पलट सकते हैं। घुसपैठियों को सबसे ज़्यादा खौफ भी उन्हीं से है।” उन्होंने कहा कि ऐसे में उनको अपने पक्ष में बनाए रखने के लिए श्रीमती मोइत्रा ने अभी से श्री अमित शाह जी के खिलाफ आग उगलना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपने एक पोस्ट में कहा,“तृणमूल कांग्रेस की सांसद द्वारा केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी पर की गई असंसदीय एवं आपत्तिजनक टिप्पणी अक्षम्य है। मैं इसकी घोर निंदा करता हूं।” 

क्या बोले ब्रजेश पाठक

पाठक ने कहा, “एक सुसंस्कृत राष्ट्र में इस तरह की असंसदीय भाषा कतई स्वीकार नहीं है। तृणमूल कांग्रेस की सांसद एवं उनकी पार्टी को इस अभद्र टिप्पणी के लिए पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।” पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की लोकसभा सदस्य महुआ मोइत्रा ने अमित शाह पर बांग्लादेश से घुसपैठ रोकने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कथित तौर पर कहा कि उनका ‘‘सिर काटकर मेज पर रख देना चाहिए।’’ मोइत्रा ने पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में बृहस्पतिवार को एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि केंद्र सरकार सीमा सुरक्षा पर अपनी जिम्मेदारियों से बच रही है। 

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत