1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. आंदोलन के नाम पर लोगों को जिंदा जलाने की कोशिश, फडणवीस बोले- सख्त कार्रवाई करेंगे

आंदोलन के नाम पर लोगों को जिंदा जलाने की कोशिश, फडणवीस बोले- सख्त कार्रवाई करेंगे

 Reported By: Atul Singh,,  Dinesh Mourya,,  Sameer Bhaudas Bhise,,  Suraj Ojha, Written By: Subhash Kumar
 Published : Oct 31, 2023 04:39 pm IST,  Updated : Oct 31, 2023 06:48 pm IST

मराठा आरक्षण की मांग कर रहे आंदोलनकारियों ने राज्य के कई जिलों में तोड़फोड़ और आगजनी की है। इस कारण कई जिलों में कर्फ्यू घोषित कर दिया गया है।

फडणवीस ने जारी की चेतावनी।- India TV Hindi
फडणवीस ने जारी की चेतावनी। Image Source : PTI

मराठा आंदोलन के लिए जारी आंदोलन की आग धीरे-धीरे पूरे महाराष्ट्र में फैलती जा रही है। राज्य के कई सरकारी ऑफिस और नेताओं के घरों में उग्र आंदोलनकारियों द्वारा आग लगा दी गई है। वहीं, इस हिंसक आंदोलन का असर अब अन्य राज्यों से महाराष्ट्र में आने वाले लोगों की परिवहन सुविधा पर भी हो रहा है। अब राज्य में आरक्षण के नाम पर हो रही हिंसा को लेकर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कड़ी चेतावनी जारी की है। 

हिंसा बर्दाश्त नहीं- फडणवीस

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य में जारी हिंसा पर बयान जारी किया है। फडणवीस ने कहा कि कल बीड में जो घटना हुई उसका समर्थन नहीं किया जा सकता। सरकार मराठों को आरक्षण देने को लेकर काफी सकारात्मक है और इसे लेकर आज भी कुछ फैसले लिए गए हैं। लेकिन कुछ लोग हिंसा फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। फडणवीस ने कहा कि हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इससे जुड़े लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फडणवीस ने बताया कि उन्हें कई सीसीटीवी फुटेज मिले हैं जिनमें लोगों को जिंदा जलाने की कोशिश की जा रही है। इनमें से कुछ आरोपियों की पहचान भी हो गई है। ऐसे लोगों पर आईपीसी की धारा 307 के तहत कार्रवाई की जाएगी। 

कल होगी सर्वदलीय बैठक
महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने मराठा आरक्षण के मुद्दे पर बुधवार को मुंबई में सर्वदलीय बैठक बुलाई है। सुबह 10:30 बजे सह्याद्रि गेस्ट हाउस में सभी राजनीतिक दलों को शामिल होने के लिए बुलाया गया है। दूसरी ओर शिंदे ने मराठा आरक्षण के लिए भूख हड़ताल कर रहे मनोज जरांगे पाटिल से भी फोन पर बातचीत की है। मुख्यमंत्री ने मनोज जरांगे पाटिल से उनकी तबियत के बारे में पूछा और उनकी मांगे पूरी करने का भरोसा भी दिलाया है। 

इन रूट पर बस सेवा रुकी
महाराष्ट्र में चल रहे मराठा आरक्षण के लिए विरोध प्रदर्शन के कारण कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) ने बेंगलुरु से शिरडी, मुंबई और पुणे के लिए बसों के प्रस्थान को बंद कर दिया है। बता दें कि इससे पहले खबर आई थी कि कर्नाटक के बीदड़ से पुणे जा रही बस को आंदोलनकारियों द्वारा महाराष्ट्र के उस्मानाबाद में आग के हवाले कर दिया गया था। हालांकि, इस घटना में किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ। 

इन जिलों में कर्फ्यू
महाराष्ट्र में जारी हिंसा के बीच राज्य में धाराशिव (osmanabad) मे भी धारा 144 (2) (कर्फ्यू) लगा दिया गया है। जिले में आंदोलनकारियों द्वारा बड़े स्तर पर तोड़फोड़ के बाद को कर्फ्यू लगाया गया है। ये कर्फ्यू 30 अक्टूबर से अगले आदेश तक लागू रहेगा। वहीं, इससे पहले बीड जिले में कर्फ्यू लगाया गया था। मराठा आंदोलन में हिंसा के बाद महाराष्ट्र पुलिस ने NCP नेताओं की सुरक्षा बढ़ा दी है। मुंबई में मंत्रालय के सामने स्थित नये NCP कार्यालय (अजीत पवार गुट) की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री के बंगले के आसपास के रास्तों पर भी पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत