1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Misuse of central agencies: संसद में उठा केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का मामला, सरकार और विपक्ष के बीच हुई तीखी नोकझोंक

Misuse of central agencies: संसद में उठा केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का मामला, सरकार और विपक्ष के बीच हुई तीखी नोकझोंक

 Edited By: Shashi Rai @km_shashi
 Published : Aug 04, 2022 02:39 pm IST,  Updated : Aug 04, 2022 02:39 pm IST

Misuse of central agencies: खड़गे ने केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, ''सदन की बैठक हो रही है। मैं भी इस सदन का एक सदस्य हूं और विपक्ष का नेता भी हूं। लेकिन मुझे इस वक्त ईडी का समन आता है कि जल्दी आइए।''

Mallikarjun Kharge- India TV Hindi
Mallikarjun Kharge Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • संसद में उठा केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का मामला
  • सरकार और विपक्ष के बीच हुई तीखी नोकझोंक

Misuse of central agencies: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) सहित अन्य केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग को लेकर बृहस्पतिवार को राज्यसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई और दोनों ने इसे लेकर एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाए। कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार पर आरोप लगाया कि वह राजनीतिक विरोधियों को खत्म करने के उद्देश्य से केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। वहीं सत्ता पक्ष ने उसके आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया और कहा कि कांग्रेस अपने शासन काल में ऐसा करती होगी, लेकिन भाजपा ने कभी ऐसा नहीं किया। 

विपक्ष ने किया जोरदार हंगामा

इस मुद्दे पर कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों ने उच्च सदन में जोरदार हंगामा किया। हंगामे के कारण शून्य काल बाधित हुआ और कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। दोपहर 12 बजे कार्यवाही दोबारा आरंभ होने पर भी हंगामा जारी रहा और पीठासीन उपाध्यक्ष विजय साई रेड्डी ने हंगामे के बीच ही प्रश्नकाल पूरा कराया। खड़गे ने केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, ''सदन की बैठक हो रही है। मैं भी इस सदन का एक सदस्य हूं और विपक्ष का नेता भी हूं। लेकिन मुझे इस वक्त ईडी का समन आता है कि जल्दी आइए।'' खड़गे ने कहा कि उन्हें 12.30 बजे ईडी ने बुलाया है इसलिए कानून का पालन करने के लिए वहां ईडी कार्यालय जाना चाहते हैं। 

हम डरेंगे नहीं, मुकाबला करेंगे: खड़गे 

उन्होंने कहा, ''सदन चल रहा है, उस वक्त ईडी द्वारा मुझे बुलाना, क्या यह उचित है? '' नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि संसद का सत्र चल रहा है और दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के आवासों को घेर लिया है और बड़ी संख्या में आसपास पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। उन्होंने कहा, ''अगर हम इस तरह से चलेंगे तो क्या हमारा लोकतंत्र जीवित रहेगा? क्या संविधान के तहत हम चलेंगे? वे जानबूझकर ऐसा कर रहे हैं ताकि हमें हतोत्साहित कर सकें। हमको खत्म करने के लिए डराने के लिए, लेकिन हम डरेंगे नहीं, मुकाबला करेंगे।''

खड़गे को पीयूष गोयल का जवाब

सदन के नेता पीयूष गोयल ने खड़गे के आरोपों का प्रतिकार किया और उनके द्वारा लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद करार दिया। उन्होंने कहा कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों के कामकाज में सरकार कभी भी दखल नहीं देती है। इसके बाद, कांग्रेस और अन्य विपक्षी सदस्यों ने हंगामा आरंभ कर दिया। गोयल ने कहा, ''शायद इनके (कांग्रेस) जमाने में, जब इनकी सरकार थी तब ये लोग हस्तक्षेप करते होंगे विपक्ष के नेता ने जो बात कही है, वह पूरी तरह से बेबुनियाद है। अगर किसी ने कोई गलत काम किया है तो कानून अपना काम करता है।''

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत