1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. ओवैसी से मिले ओम बिरला, घर पर फेंकी गई स्याही के मामले में दिल्ली पुलिस को किया तलब

ओवैसी से मिले ओम बिरला, घर पर फेंकी गई स्याही के मामले में दिल्ली पुलिस को किया तलब

 Reported By: Shoaib Raza Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jun 28, 2024 02:27 pm IST,  Updated : Jun 28, 2024 02:39 pm IST

हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी के दिल्ली स्थित घर पर कुछ उपद्रवियों ने काली स्याही फेंक दी थी। इस घटना पर ओवैसी ने गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से अपनी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए थे।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और ओवैसी- India TV Hindi
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और ओवैसी Image Source : FILE PHOTO- PTI

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी के दिल्ली स्थित घर पर फेंकी गई स्याही की घटना पर चिंता जताई है। सूत्रों के अनुसार, ओम बिरला ने संसद परिसर में शुक्रवार को ओवैसी से मुलाकात की है। इस दौरान उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। साथ ही दिल्ली पुलिस मुख्यालय के पास हाई सिक्योरिटी जोन में हुई इस घटना के कारण ओम बिरला ने दिल्ली पुलिस के आयुक्त को तलब भी किया है।

ओवैसी ने इन लोगों पर जताया था संदेह

गुरुवार रात हुई घटना के बाद ओवैसी ने संदेह जताया कि दक्षिणपंथी कट्टरपंथी संगठन से जुड़े उपद्रवियों ने उनके घर पर काली स्याही फेंकी है। ओवैसी का कहना है कि इसके पहले भी इस गिरोह से जुड़े लोग सक्रिय रहे हैं और उन्हें धमकाते भी रहे हैं।  

दिल्ली पुलिस की नाक के नीचे हुआ घर पर हमला- ओवैसी

अपने घर पर हुई इस घटना को लेकर ओवैसी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा,' कुछ अज्ञात बदमाशों ने मेरे घर पर काली स्याही से हमला किया है। अब मैं गिनती ही भूल गया हूं कि मेरे दिल्ली स्थित घर को कितनी बार निशाना बनाया गया है। जब मैंने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से पूछा कि उनकी नाक के नीचे यह सब कैसे हो रहा है, तो उन्होंने अपनी बेबसी जाहिर की है।'

ओम बिरला से मांगी थी सुरक्षा की गारंटी

इसके साथ ही ओवैसी ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह यह सब आपकी निगरानी में हो रहा है। ओवैसी ने लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला से पूछा किकृपया हमें बताएं कि सांसदों की सुरक्षा की गारंटी दी जाएगी कि नहीं?

ओवैसी ने संसद में लगाया था जय फिलिस्तीन का नारा

बता दें कि असदुद्दीन ओवैसी एक मुखर नेता हैं। वह अपने तीखे बयानों के लिए जाने जाते हैं। संसद में लोकसभा सदस्य के रूप में शपथ लेते समये ओवैसी ने जय फिलिस्तीन का नारा लगाया था। इसको लेकर कुछ बीजेपी नेताओं ने उनकी सदस्यता रद्द किए जाने की मांग भी उठाई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत