'ऑपरेशन सिंदूर' पर लोकसभा में मंगलवार को अखिलेश यादव, राहुल गांधी समेत कई विपक्ष नेताओं ने सरकार से सवाल पूछे। चर्चा का जवाब देते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा, ‘‘सेना को कार्रवाई की खुली छूट दी गई। हमें गर्व है, आतंकियों को वो सजा दी कि आज भी आतंक के उन आकाओं की नींद उड़ी हुई है।’’ उन्होंने कहा कि भारत ने सिद्ध कर दिया है कि ‘न्यूक्लियर ब्लैकमेलिंग’ अब नहीं चलेगी, और न ही इसके सामने झुकेगा। उन्होंने कहा, ‘‘22 अप्रैल को पहलगाम में जिस प्रकार की क्रूर घटना हुई, जिस तरह आतंकवादियों ने निर्दोष लोगों से धर्म पूछकर गोलियां चलाईं, यह क्रूरता की पराकाष्ठा थी। यह भारत को हिंसा की आग में झोंकने का एक सुविचारित प्रयास था, भारत में दंगे फैलाने की साजिश थी। मैं आज देशवासियों का धन्यवाद करता हूं कि देश ने एकता के साथ उस साजिश को नाकाम कर दिया।